भारत में ‘मिनी इजरायल’ की जब बात होती है तो हिमाचल प्रदेश के कई गांवों का जिक्र होता है, लेकिन असलियत में कसोल और मैक्लोडगंज से लगभग 2 किलोमीटर दूर धर्मकोट को ‘मिनी इजरायल’ कहते हैं। धर्मकोट हिमाचल प्रदेश की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। इस जगह को पहाड़ों का ‘तेल अवीव’ और ‘मिनी इजरायल’ कहा जाता है।
बौद्ध धर्म के झंडे, शानदार कैफे, मैक्लोडगंज में मोमो और लाफिंग की खुशबू, हिब्रू में लिखे साइनबोर्ड, यहां की घरेलू बेकरी और ताजी बनी चल्ला ब्रेड की महक धर्मकोट को कई तरह से एक अलग दुनिया बनाती है।
कड़ी सुरक्षा की निगरानी में है ‘मिनी इजरायल’
भारत का ‘मिनी इजरायल’ इन दिनों कड़ी सुरक्षा की निगरानी में है। प्रशासन ने यहां सुरक्षा बढ़ा दी है और इसकी वजह है एक हालिया घटना जिसके बाद धर्मकोट में पुलिस की पेट्रोलिंग अधिक है। हाल ही में यहां दीवारों पर एक आपत्तिजनक ग्रैफिटी डिजाइन किए जाने की घटना घटी थी जिसे इजराइली पर्यटकों की भावनाओं को आहत करने की कोशिश के रूप में देखा गया था। पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज की और जांच शुरू कर कुछ शरारती तत्वों को इसमें शामिल पाया गया।
पेट्रोलिंग टीम को लगाया गया है गांव में
कांगड़ा जिले के पुलिस सुपरिटेंडेंट कुलभूषण वर्मा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया है, “अभी तक हमें धर्मकोट में किसी भी इजराइली नागरिक से उनकी सिक्योरिटी के बारे में कोई रिक्वेस्ट नहीं मिली है, फिर भी हम आस-पास कड़ी निगरानी कर रहे हैं।” वर्मा ने बताया कि एक पेट्रोलिंग टीम को हमने गांव में लगाया हुआ है जो कम से कम 2 बार गांव की सड़कों की पेट्रोलिंग कर रही है। इसके अलावा पुलिस वहां रहने वाले हर विदेशी नागरिक की डिटेल्स अपने पास रख रही है।
इजराइलियों की पसंद कैसे बनता गया यह गांव?
Mayya की कहानी
दिल्ली से करीब 500 और शिमला से करीब 240 किलोमीटर दूर धर्मकोट को लेकर न तो कोई लोकल और न ही कोई इजराइली यह बता सकता है कि कांगड़ा जिले का यह छोटा सा गांव कैसे इजराइली यात्रियों की पहली पसंद बन गया। यहां 2008 से यहां रह रहीं 39 साल की Mayya बताती हैं कि जब वह सिर्फ 18 साल की थीं तब पहली बार इंडिया आई थीं और अपनी पहली ट्रिप के दौरान उन्हें यह याद नहीं कि धर्मकोट जाने का आइडिया कैसे और कहां से आया? मैया ने कहा, “मुझे लगता है कि मैंने इस जगह के बारे में बहुत से लोगों से बहुत कुछ सुना था…”।
Mayya को यह जगह इतनी पसंद आई कि वह यहीं की हो गईं। उन्होंने गोपाल सुब्रमण्यम से शादी कर ली। चेन्नई में जन्मे और पले-बढ़े 50 साल के गोपाल की भी धर्मकोट की अपनी एक कहानी है, लेकिन वह इसे छोड़ना नहीं चाहते। Mayya ने बताया कि उन्होंने 18 साल की उम्र में अपना घर छोड़ दिया था। मैं उन हालातों की डिटेल में नहीं जाना चाहती जिनमें मैं गई थी। मैं 2000 के दशक की शुरुआत में धर्मकोट आई थी। 2008 में ही Mayya और गोपाल की मुलाकात हुई थी और उन्होंने फिर शादी का फैसला कर लिया।
Mayya का कहना है कि मुझे लगता है कि यह मेरी किस्मत थी। यहां आकर उनसे मिलना और मेरी यहां शादी होना। बता दें कि यह कपल धर्मकोट के ठीक बगल में भागसू नाग में एक छोटा सा गेस्ट हाउस चलाता है। गोपाल बताते हैं, “हम पहले धर्मकोट में भी एक गेस्ट हाउस चलाते थे, लेकिन लीज खत्म होने के बाद हमने उसे छोड़ दिया।” इस कपल के दो बच्चे हैं: एक बेटी, सांसा (8), जो इजराइल में पैदा हुई थी और एक बेटा अगम (5), जो कांगड़ा में पैदा हुआ था।
स्थानीय लोगों का क्या कहना है?
धर्मकोट के स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें इजराइली लोगों से खासा लगाव है। यहां के एक लोकल दुकानदार का कहना है कि इजराइली लोग अपने आप में रहते हैं, मोलभाव नहीं करते या कोई हंगामा नहीं करते और आम तौर पर अच्छे व्यवहार वाले होते हैं। इसके अलावा हमारी रोजी-रोटी टूरिस्ट पर निर्भर है। हमारी आपस में बहुत अच्छी बनती है। इसलिए ईरान के साथ युद्ध के बाद इस सीजन में इजराइली टूरिस्ट की संख्या में कमी आई है जिससे वे उदास हैं।
एक आर्टिस्ट वृंदावन दास जिन्हें राजू दद्दा के नाम से जाना जाता है उनका कहना है कि इस जगह पर इजराइलियों का दबदबा है। वे यहां अक्सर आते हैं। वे खुद को व्यस्त रखना चाहते हैं और ज्वेलरी-डिज़ाइनिंग वर्कशॉप इसी लक्ष्य का एक हिस्सा हैं।
एक और दुकान के मालिक आदित्य सिंह जो कि राजस्थान से हैं। वे कहते हैं, “मेरी ज्वेलरी की दुकान, दुकान से ज्यादा एक वर्कशॉप है, जहां हम लोगों को खासकर विदेशी मेहमानों को अलग-अलग ज्वेलरी डिज़ाइन बनाने की ट्रेनिंग देते हैं। लेकिन, आज वर्कशॉप में एक भी स्टूडेंट नहीं है। राजू इसके लिए कई वजहों को जिम्मेदार मानते हैं, जिसमें मिडिल ईस्ट में चल रहा संकट भी है।
दलाई लामा की वजह से धर्मकोट बना ‘मिनी इजरायल’
राजू बताते हैं कि एक समय धर्मकोट एक दूर-दराज के चरवाहों का गांव था जो आज ‘मिनी इजरायल’ के रूप में बदल गया। राज कहते हैं, “शुरू में धर्मकोट एक ऐसा गाँं था जहाँ गद्दी (चरवाहा) समुदाय के लोग अधिक थे। उनके गुजारे का मुख्य जरिया जानवर पालना, छोटे पैमाने पर खेती करना और रोजाना की मजदूरी करना था। मुझे याद नहीं है कि इजराइली लोगों ने इस गांव में कब और कैसे आना शुरू किया? लेकिन एक बात पक्की है — यह सब 1960 के दशक में धर्मशाला (मैकलॉडगंज के पास) में परम पावन दलाई लामा की मौजूदगी की वजह से हुआ है। उनकी मौजूदगी ने ही इस पूरे माहौल को बदल दिया।”
उनका कहना है कि वैसे इजरायल के यहूदी लोगों का उनसे कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन दलाई लामा मायने रखते हैं।
यह भी पढ़ें: कैंची धाम में जल्द लागू होगा रजिस्ट्रेशन सिस्टम, एक दिन में 25 हजार श्रद्धालुओं को मिलेगी एंट्री; सस्ते हो सकते हैं होटल
उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भवाली में स्थित नीम करोली बाबा के कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जब से ‘हनुमान अंश’ फिल्म आई है तब से वहां भीड़ और ज्यादा बढ़ गई है। हाल ही में गांधी जयंती के आसपास पड़े लॉन्ग वीकेंड पर तो वहां भीषण जाम की समस्या पैदा हो गई थी। भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि लोगों को होटल मिलना मुश्किल हो गया था। लोग सड़कों पर रात गुजराने के लिए मजबूर थे। अब स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार मिलकर इस समस्या का समाधान निकालने की तैयारी में है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
