हिमाचल प्रदेश चुनाव (Himachal Assembly Election) में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है। सूबे की राजनीति में पांच साल बाद सरकार बदलने का रिवाज इस बार भी कायम रहने वाला है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि कांग्रेस (Congress) किसे मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। हिमाचल में कांग्रेस से मुख्यमंत्री (CM) पद के तीन से चार दावेदार बताए जा रहे हैं।
प्रतिभा और सुक्खू में जंग, बात फंसी तो दावेदार हो सकते हैं मुकेश
सबसे ऊपर दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी सांसद प्रतिभा सिंह, प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का है। माना जा रहा है कि प्रतिभा और सुक्खू के नाम पर सहमति नहीं बनती तो मुकेश अग्निहोत्री की दावेदारी पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि प्रदेश नेतृत्व का कहना है कि आखिरी फैसला हाईकमान और विधायक दल के पास ही है। विधायक दल की बैठक के बाद ही गेंद हाईकमान के पाले में जाएगी।
कांग्रेस ने ये चुनाव प्रतिभा सिंह के नाम पर लड़ा था। पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी सांसद प्रतिभा सिंह के सहारे पार्टी हाईकमान ने सत्ता में वापसी की योजना बनाई। ऐसे में प्रतिभा की दावेदारी सबसे ज्यादा मजबूत मानी जा रही है। सक्रिय राजनीति में प्रतिभा सिंह 1998 में आई थीं। पहला चुनाव मंडी संसदीय क्षेत्र से लड़ा था। लेकिन सवा लाख के अंतर से हार गईं। 2004 में वो पहली बार लोकसभा पहुंचीं। थीं। 2013 का उपचुनाव जीतकर प्रतिभा दूसरी सांसद बनीं। तब उन्होंने मुख्यमंत्री रहे जयराम ठाकुर को शिकस्त दी थी। लेकिन 2014 में मोदी लहर में वो हार गईं। 2021 में वो फिर से जीतीं तो हाईकमान ने उन्हें हिमाचल चुनाव की जिम्मेदारी सौंप दी।
सीएम की रेस में दूसरा नाम कांग्रेस प्रचार समिति के प्रमुख सुखविंद्र सिंह सुक्खू का है। सुक्खू ने 2003 में पहला चुनाव लड़ा और विजयी हुए। 2007 में फिर जीते। 2012 का चुनाव हारे। लेकिन 2017 के विस चुनाव में जीतकर फिर से विधानसभा पहंचे। वो इस बार 2022 के विस चुनावों में चौथी बार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। सुखविंद्र सिंह सुक्खू 2013 में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बने थे। उनकी संगठन में अच्छी पकड़ मानी जाती है। पार्टी भी उनकी अहमियत को समझती है। यही वजह रही कि उन्हें कांग्रेस प्रचार समिति के प्रमुख का जिम्मा सौंपा गया। वो सीएम की रेस में मजबूत दावेदार हैं।
माना जा रहा है कि प्रतिभा और सुक्खू के नाम पर सहमति न बनी तो मुकेश अग्निहोत्री दावेदार बन सकते हैं। वो बीजेपी के गढ़ में सेंध लगाकर आ रहे हैं। हिमाचल के मैदानी जिले ऊना में 5 सीटों में 4 पर कांग्रेस का दबदबा रहा। जबकि, जिले में सिर्फ ऊना सीट पर ही BJP जीत दर्ज कर पाई। हरोली सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी व सीएम पद के चेहरे मुकेश अग्निहोत्री ने लगातार 5वीं बार जीत दर्ज कर सिलसिला कायम रखा। उन्होंने भाजपा के राम कुमार को 9644 वोटों से हराया। मुकेश को कुल 38652 वोट मिले।