हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने राज्य में जिलों और अन्य प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन की संभावनाओं पर विचार करने के लिए एक आयोग का गठन किया है। इस फैसले को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। भाजपा ने सवाल उठाया है कि नवंबर 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही यह कदम क्यों उठाया गया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 22 मई को आयोग के गठन की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके बाद 14 अक्टूबर को आयोग के गठन की आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।
इस आयोग की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश धर्म चंद चौधरी करेंगे। आयोग में कुल चार सदस्य हैं। इनमें अधिवक्ता विशाल पंवार और भारतीय वन सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी राजेश शर्मा भी शामिल हैं। भूमि अभिलेख विभाग के निदेशक आयोग के सदस्य-सचिव होंगे। आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए छह महीने का समय दिया गया है।
कांग्रेस और भाजपा के बीच विवाद
भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार ने 2022 के विधानसभा चुनाव में किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं। भाजपा का कहना है कि सरकार इन नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए जिलों के पुनर्गठन का मुद्दा उठा रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस फैसले का बचाव किया है। उन्होंने इसे “व्यवस्था परिवर्तन”, यानी शासन व्यवस्था में बदलाव, बताया है। सरकार का कहना है कि इसका उद्देश्य प्रशासन को आम लोगों के और करीब लाना है, ताकि लोगों को सरकारी सेवाएं आसानी से मिल सकें।
अंतिम बार 1972 में किया गया था बदलाव
हिमाचल प्रदेश में आखिरी बड़ा जिला पुनर्गठन 1 सितंबर 1972 को हुआ था। उस समय पुराने कांगड़ा जिले को बांटकर कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना जिले बनाए गए। जनवरी 1971 में राज्य को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने के एक साल बाद, जिलों की संख्या नौ से बढ़कर 12 हो गई।
एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि यह पहली बार नहीं है जब किसी मुख्यमंत्री ने नए जिले बनाने की बात कही हो। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी ऐसे प्रस्तावों पर चर्चा की थी, लेकिन विभिन्न कारणों से मुख्य रूप से वित्तीय बोझ के कारण उन्होंने इन्हें छोड़ दिया।
नेता ने आगे कहा कि इस कदम की अहमियत इस बात में है कि 1972 के बाद पहली बार किसी आयोग का गठन किया गया है। इससे पहले चर्चाएं, बैठकें और कुछ प्रशासनिक नियुक्तियां तो हुई थीं, लेकिन कोई आयोग नहीं बना था।
पुनर्गठन की मांगें लगातार बनी हुई हैं। खासकर कांगड़ा में, जो राज्य का सबसे अधिक आबादी वाला जिला है और जिसमें सबसे अधिक विधानसभा क्षेत्र हैं।
देहरा, पालमपुर और नूरपुर जिला दर्जा पाने के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। शिमला जिले के रामपुर सहित दूरदराज के इलाकों के निवासियों ने भी यह मांग रखी है। कांग्रेस विधायक कमलेश ठाकुर (सुक्खु की पत्नी) द्वारा प्रतिनिधित्व किए जाने वाले देहरा को अगस्त 2024 में पुलिस जिले का दर्जा दिया गया था, लेकिन यह अभी तक राजस्व जिला नहीं बन पाया है।
लागत को लेकर प्रस्ताव अटके रहे
पिछली सरकारों ने नए जिले बनाने पर विचार किया, लेकिन प्रस्तावों पर अमल करने से बचती रहीं। धूमल ने 2002 में इस विचार को आगे बढ़ाया और 2011 में इस पर फिर से चर्चा की, लेकिन लागत और प्रशासनिक चुनौतियों को लेकर चिंताओं के कारण इसे टाल दिया गया। वीरभद्र सिंह ने 2013 में इसी तरह की मांगों को स्वीकार किया, लेकिन उन्हें प्राथमिकता नहीं दी।
पुनर्गठन की आवश्यकता का एक कारण राज्य के पहाड़ी इलाकों में सरकारी सेवाओं तक पहुंचने में निवासियों को होने वाली कठिनाइयां भी हैं। डोडरा क्वार शिमला से लगभग 198 किलोमीटर दूर है, जबकि मुलथान धर्मशाला से लगभग 110 किलोमीटर दूर है, जहां पहुंचने में लगभग 5 घंटे लग सकते हैं। पांगी और बारा भंगाल जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में तो कनेक्टिविटी की चुनौतियां और भी अधिक हैं।
भाजपा ने समय को लेकर सवाल उठाए
विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रहने और अपनी कथित विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए नए-नए ऐलान करने का आरोप लगाया है।
भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री सतपाल सिंह सत्ती ने सवाल उठाया कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले आयोग का गठन क्यों किया गया है। सत्ती ने कहा कि यह सब विधानसभा चुनाव से ठीक एक साल पहले क्यों किया जा रहा है? अगर मुख्यमंत्री को जनता के कल्याण की चिंता होती, तो उन्हें यह आयोग बहुत पहले गठित कर देना चाहिए था। नए जिले बनाने के लिए वित्तीय सहायता, बुनियादी ढांचा और अन्य संसाधनों की आवश्यकता होती है। हमारा राज्य पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है>
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि नए जिले बनाने के बारे में कोई भी फैसला आयोग की रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सब कुछ आयोग की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा।
नए जिले बनाने के लिए सरकार को कई तरह की सुविधाओं पर पैसा खर्च करना होगा। इनमें शामिल हैं- सरकारी प्रशासनिक भवन, पुलिस थाने और पुलिस से जुड़ी सुविधाएं, विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय, सड़कें और अन्य बुनियादी सुविधाएं और अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति। जिससे पहले से ही वित्तीय संकट से जूझ रहे राज्य पर बोझ और बढ़ जाएगा।
आयोग को अभी तक कार्यालय भी नहीं मिला
हिमाचल प्रदेश में जिलों के पुनर्गठन के लिए आयोग का औपचारिक गठन तो कर दिया गया है, लेकिन उसे काम शुरू करने के लिए जरूरी सुविधाएं अभी तक नहीं मिली हैं।
आयोग के एक सदस्य ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि अभी तक केवल आयोग के गठन की अधिसूचना जारी हुई है। आयोग को अब तक कार्यालय, कर्मचारी और वाहन जैसी जरूरी सुविधाएं नहीं मिली हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के सामने छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट तैयार करने की चुनौती है। लेकिन अभी तक यह भी तय नहीं किया गया है कि इतने कम समय में काम पूरा करने की रणनीति क्या होगी।
आयोग मौजूदा जिलों, उपमंडलों, तहसीलों, उप-तहसीलों और विकास खंडों की जांच करेगा ताकि यह आकलन किया जा सके कि नई प्रशासनिक इकाइयां बनाई जानी चाहिए या मौजूदा इकाइयों का विलय, विभाजन या पुनर्गठन किया जाना चाहिए।
आयोग अपनी जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण बातों पर विचार करेगा। जिसमें जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति, सरकारी कार्यालयों तक पहुंच, प्रशासनिक दक्षता शामिल है। आयोग की सिफारिशों के आधार पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार आगे के कदम तय कर सकती है। हिमाचल प्रदेश में नए जिले बनाने का मुद्दा लंबे समय से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है। हालांकि, सरकारों के सामने एक बड़ी चुनौती यह रही है कि नए जिले बनाने से प्रशासनिक सुविधाएं तो बढ़ सकती हैं, लेकिन इसके लिए काफी धन भी खर्च करना पड़ता है।
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को फॉर्म 6 में संशोधन करने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव भेजा है। इस कदम का मुख्य मकसद उन नागरिकों को बिना किसी कानूनी डर के दोबारा मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर देना है, जिनके नाम ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटा दिए गए थे। पढ़ें पूरी खबर।
