Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस (Congress) की सरकार बनने के एक दिन बाद राज्य में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जयराम ठाकुर से मुलाकात की। जयराम ठाकुर भाजपा के दिग्गज नेता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम हैं। उनकी और प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) की मुलाकात राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं।
Pratibha Singh Meeting with Jairam Thakur- सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग:
प्रतिभा सिंह संग मुलाकात को लेकर जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) ने अपने ट्विटर अकाउंट से फोटो शेयर की है। उन्होंने लिखा, “आज शिमला में प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा सिंह जी ने शिष्टाचार भेंट की।” बता दें कि जयराम ठाकुर भले ही इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बता रहे हों, लेकिन ट्विटर यूजर्स इसपर तरह-तरह प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “मतलब कांग्रेस के हाथ से हिमाचल (Himachal Pradesh) भी जाने वाला है।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “सच में शिष्टाचार भेंट थी क्या…।” हनुमान सिंह भाटी ने लिखा, “ठाकुर साहब, 4/6 महीने तो चलने देना नई सरकार को।” एक यूजर ने लिखा, “खेला खेला जा रहा है।” अंकुर सिंह ने लिखा, “ये फोटो देखकर सुक्खु जी ज्यादा दिन सुखी नहीं रह पाएंगे।”
Himachal Pradesh: प्रतिभा सिंह भी सीएम पद की रेस में मानी जा रहीं थी:
बता दें कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव (Himachal Pradesh Election 2022) में कांग्रेस को बहुमत (40 सीटें) मिलने के बाद 11 दिसंबर को सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीएम पद की शपथ ग्रहण की। हालांकि इससे पहले सीएम पद की रेस में प्रतिभा सिंह का भी नाम शामिल माना जा रहा था। गौरतलब है कि प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं। मौजूदा समय में वो हिमाचल कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
Himachal pradesh Congress- लोगों ने किया वीरभद्र सिंह के नाम पर वोट:
वहीं सुक्खू के नाम पर पार्टी आलाकमान की मुहर लगने से पहले प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री पद के लिए अपने परिवार का हक जताया था। उन्होंने कहा था कि हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन राज्य की जनता ने वीरभद्र सिंह जी के नाम पर कांग्रेस को वोट दिया है, ऐसे में आलाकमान को नजरंदाज नहीं करना चाहिए।