Chamoli Helicopter Crash News : उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ धाम से लौट रहे हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, इस हादसे में पायलट सहित सभी 6 लोगों की मौत हो गई है। प्रशासन को बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिली थी। घटना को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी दी है कि खबर मिलने के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था।
इससे पहले खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर के लापता होने की खबर मिलने के साथ ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट के अनुसार, खराब मौसम के कारण ही चांई और थैंग गांव के ऊपर यह घटना हुई है, इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। जानकारी है कि हेलीकॉप्टर में 6 लोग सवार थे।
रिपोर्ट के अनुसार, बद्रीनाथ धाम से ट्रांस कंपनी का हेलीकॉप्टर 6 यात्रियों को लेकर ऋषिकेश की ओर जा रहा था, पायलट सहित सभी 6 यात्रियों की मौत हो गई है, हालांकि खराब मौसम के कारण रेस्क्यू में दिक्कतें आ रही हैं और अभी तक मलबा नहीं मिला है।
एनएनआई की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, बद्रीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड की ओर जा रहा ‘ट्रांस भारत एविएशन’ का एक सिविल हेलीकॉप्टर चमोली जिले के हाथी पर्वत इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें पांच यात्रियों और एक पायलट सहित सभी की मौत हो गई। सेना के सिग्नल सेंटर की एक टीम ने हेलीकॉप्टर से धुआं निकलते देखा और उसे उस इलाके में तेजी से नीचे आते हुए भी देखा।
चाईन गांव के पास उठता देखा गया धुआं
एएनआई ने पुष्टि की है कि कीजिला प्रशासन की एक टीम बद्रीनाथ से देहरादून जा रहे उस हेलीकॉप्टर की तलाश कर रही है, जो लापता हो गया है। हेलीकॉप्टर के लापता होने के बाद जोशीमठ के चाईन गांव के पास धुआं उठता देखा गया। चमोली जिला प्रशासन के अनुसार, हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार हैं जिनमें पांच यात्री और एक पायलट शामिल हैं, लोकेशन भी चाईन गांव का मिला है।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं- सीएम पुष्कर धामी
सीएम पुष्कर धामी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि बेहद दुखद सूचना बताया औऱ कहा कि चाई गांव जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मैं स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।
घटना को लेकर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रतीक जैन ने बताया, “ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जब यह हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के पास से गुजर रहा था, तब से इसका पता नहीं चल पा रहा है। यह जानकारी मिलते ही, हमने चमोली जिला प्रशासन, SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और सेना की एक टुकड़ी को घटना स्थल के पास भेजा है, ताकि बचाव अभियान (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू किया जा सके। एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है… शुरुआती जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में 6 लोग सवार थे जिसमें एक पायलट और 5 अन्य लोग। पुष्टि होने के बाद हम और आगे जानकारी साझा करेंगे…।”
ये लोग हैं लापता
पायलट:
- कैप्टन हिमांशु
यात्री:
- प्रताप (पुरुष)
- अरुण (पुरुष)
- शंकर गौड़ा (पुरुष)
- सुधीर के (पुरुष)
- एच.एस. नटराज (पुरुष)
