महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। राजधानी के साकीनाका इलाके में खैरानी रोड पर 60 वर्षीय एक शख्स की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई।

उपमहापौर संजय घाड़ी और स्थानीय विधायक दिलीप भाउसाहेब लांडे के मुताबिक, मृतक का नाम असलम शेख है। प्रशासन पिछले चार घंटे से व्यक्ति को बचाने की कोशिश में लगा हुआ था और कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति का शव बाहर निकाल लिया गया है। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे जगह-जगह इलाके में जलभराव देखने को मिल रहा है।

सुबह 11 बजे गिरा था शख्स

सुबह करीब 11 बजे सड़क पर चलते हुए असलम शेख एक खुले मैनहोल में गिर गए। जैसे ही मैनहोल में गिरने की सूचना मिली इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने असलम को बचाने के लिए काफी मशक्कत की।

BMC ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा, “साकीनाका पुलिस थाने के इलाके में खैरानी रोड पर पानी की निकासी वाली ग्रिल की मरम्मत का काम चल रहा था। काम के दौरान, साकीनाका के यादव नगर में रहने वाले 60 साल के असलम इसाक शेख नाम के एक पैदल यात्री गलती से खुले मैनहोल से नाले में गिर गए। उनका शव मिल गया है और उसे बाहर निकालने की कोशिशें जारी हैं।”

चार घंटे बाद निकाला गया शव

प्रशासन की ओर की करीबन चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी असलम शेख को बचाया नहीं जा सका। शुरुआत में सीढ़ियों की मदद से उनकी तलाश की गई। हालांकि घटनास्थल पर केवल उनका छाता और चप्पल ही मिला। काफी देर बाद आखिरकार असलम शेख का शव बरामद किया गया और अस्पताल भेजा दया।

मैनहोल के पास बैरिकेडिंग नही की गई थी- नगर निगम

स्थानीय नगर निगम के अधिकारियों ने कहा, “मैनहोल के पास उचित बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। इसी वजह से वहां से गुजर रहे एक शख्स गिर गए, दुर्भाग्यवश उनकी मौत हो गई। विभाग ने मानसून के दौरान किसी भी मैनहोल का ढक्कन न खोलने की सख्त चेतावनी दी थी, फिर भी मैनहोल खोला गया। दो साल पहले रघुवीर नाम के एक ठेकेदार को इस काम का ठेका दिया गया था। वह मैनहोल की मरम्मत का काम करता है। इस मामले की जांच की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

यह भी पढ़ें: केतन अग्रवाल हत्याकांड: सिया ने मर्डर से पहले लिया मंगेतर का फोन, चैट भी की थी डिलीट… अब सबूत मिटाने के एंगल से जांच

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। शहर के पास लोहागढ़ किले से मंगेतर केतन अग्रवाल को कथित तौर पर खाई में धक्का देने से ठीक पहले 20 वर्षीय सिया गोयल ने उसका मोबाइल फोन अपने पास ले लिया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या सिया ने फोन अपने पास रहने के दौरान कोई अहम सबूत मिटाए थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें