UP News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के बीच शुक्रवार को बहस हो गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा विधायक ने करीब 100 ग्राम प्रधानों के साथ जल शक्ति मंत्री का रास्ता रोक लिया। विधायक बृजभूषण राजपूत अपनी विधानसभा में घरों तक पानी न पहुंचने, सड़कों की बदहाली और ‘जल जीवन मिशन’ के तहत खोदी गई सड़कों के मुद्दे को लेकर मंत्री से मिलने जा रहे थे।

विधायक बृजभूषण राजपूत का आरोप है कि गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा है और सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। इसी विरोध प्रदर्शन के दौरान विधायक के समर्थकों और मंत्री के सुरक्षाकर्मियों व पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई।

बता दें, पूरा मामला यूपी के महोबा जिले का है। यहां भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का रास्ता रोक लिया। मंत्री युवा उद्घोष कार्यक्रम से लौट रहे थे। रास्ते में विधायक ने 100 ग्राम प्रधानों के साथ मिलकर बीच सड़क पर गाड़ियां लगाकर मंत्री के काफिले को रोक दिया।

विधायक बृजभूषण राजपूत ने विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई। कहने लगे कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी गईं सड़कों से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। मैं इसके लिए क्या जवाब दूं। इस दौरान सीओ सदर और कोतवाल से विधायक के समर्थकों की झड़प हो गई।

इस पर स्वतंत्र देव सिंह विधायक से ने कहा कि मैं 40 गांव चलने को तैयार हूं। पानी दिलाना हमारा काम है। अफसर मेरे साथ हैं। अगर कहीं सड़कें खुदी हैं और पानी नहीं मिल रहा है तो अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा।

यह भी पढ़ें- अयोध्या बलात्कार मामला: कोर्ट ने नौकर को सुनाई 20 साल की सजा, सपा नेता मोईद खान को किया बरी

मिनिस्टर स्वतंत्र देव नाराज ग्राम प्रधानों को धक्का देते हुए आगे बढ़े। इस दौरान लोग कहते रहे कि नेता गिरी नहीं चलेगी। बाद में स्वतंत्र देव अपनी गाड़ी में बैठ गए। गाड़ी के अंदर ही विधायक और मंत्री की बातचीत हुई।

बीजेपी विधायक ने कहा कि हर घर नल योजना के तहत काम नहीं हुए। सड़कें खुदी पड़ी हैं। सभी प्रधानों के साथ हम डीएम का घेराव करने जा रहे हैं। सभी 100 गाड़ियां लेकर पहुंचेंगे। पूरा मामला महोबा के रामश्री महाविद्यालय के पास का है।

यह भी पढ़ें- UP के शिक्षकों-शिक्षा मित्रों के लिए खुशखबरी, योगी सरकार ने किया मुफ्त कैशलेस इलाज का ऐलान