कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के कोडाथी गांव में बुधवार सुबह एक क्रिकेट मैदान के पास इंसानी सिर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इससे एक रात पहले, मंगलवार को उसी क्षेत्र के पास रेलवे ट्रैक पर एक सिरविहीन शव बरामद हुआ था। शुरुआत में लोगों को आशंका थी कि यह किसी हत्या का मामला हो सकता है, लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में एक अलग ही तस्वीर सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर एक सिरविहीन शव मिला था। इसके अगले दिन सुबह स्थानीय लोग जब क्रिकेट मैदान के पास टहल रहे थे, तब उन्हें वहां एक मानव सिर दिखाई दिया। यह स्थान रेलवे ट्रैक से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आवारा कुत्ते सिर खींचकर मैदान तक ले गए?

जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि रेलवे ट्रैक के आसपास घूमने वाले आवारा कुत्ते शव का सिर खींचकर मैदान तक ले आए होंगे। इसी वजह से शव और सिर अलग-अलग स्थानों पर मिले। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि उन्होंने इलाके में आवारा कुत्तों को मानव अवशेष ले जाते हुए देखा था, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई गई थी।

व्हाइटफील्ड के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सैदुलु आदावत ने बताया कि इस मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मैदान के पास मिला सिर उसी व्यक्ति का है, जिसका धड़ रेलवे ट्रैक पर मिला था। पुलिस का मानना है कि आवारा कुत्ते सिर को ट्रैक से मैदान तक ले गए। हालांकि, मृतक की पहचान अभी तक आधिकारिक रूप से नहीं हो पाई है।

फॉरेंसिक टीम ने भी की जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अनौपचारिक तौर पर माना जा रहा है कि मृतक आंध्र प्रदेश का लगभग 28 वर्षीय युवक हो सकता है, जिसकी रेलवे दुर्घटना में मौत हुई। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पहचान स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है।

घटना की जांच के लिए रेलवे पुलिस, वर्थुर पुलिस, सीन ऑफ क्राइम ऑफिसर (एसओसीओ) टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साक्ष्य एकत्र किए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत के वास्तविक कारण और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें: बुजुर्ग डॉक्टर, नाइट शिफ्ट, महिला नर्स और हनी ट्रैप

नर्स पर आरोप है कि उसने एक प्राइवेट हॉस्पिटल के 65 साल के डॉक्टर को ब्लैकमेल किया और कई सालों तक उनसे लगभग दो करोड़ रुपये ऐंठे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।