हरियाणा सरकार की ओर से चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को अब रेलगाड़ी के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। योजना का विस्तार करते हुए अब अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर जी, वैष्णो देवी तथा शिरडी व शनि शिंगणापुर तीर्थ स्थलों की यात्रा भी करवाई जाएगी।
हरियाणा सरकार और IRCTC के बीच समझौता
इसके लिए मंगलवार को हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। सरकार की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग तथा आईआरसीटीसी की तरफ से मंडल क्षेत्रीय प्रबंधक (सीआरएम) हरजोत सिंह संधू ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत, 60 वर्ष से अधिक आयु के हरियाणा के वरिष्ठ नागरिकों, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, को निःशुल्क पवित्र स्थलों की यात्रा करवाई जाती है। महानिदेशक पांडुरंग ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश के पात्र बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विभिन्न तीर्थ स्थलों की निःशुल्क यात्रा करवाने के लिए ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ शुरू की है।
रेलगाड़ी के माध्यम से दर्शन की व्यवस्था
इस योजना के तहत अब तक अलग-अलग जिलों से हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के माध्यम से हजारों पात्र बुजुर्गों को अयोध्या सहित विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जा चुके हैं। अब श्रद्धालुओं के लिए रेलगाड़ी के माध्यम से भी तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाने की योजना बनाई गई है। इसी के अंतर्गत हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी के बीच समझौता ज्ञापन साइन किया गया है।
पांडुरंग ने बताया कि एक रेलगाड़ी में 11 डिब्बे होंगे। इनमें से 10 डिब्बे श्रद्धालुओं के लिए तथा एक कोच स्टाफ के लिए रहेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, नजदीकी रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को तीर्थ स्थल तक पहुंचाने के लिए बसों आदि का प्रबंध तथा ठहरने की व्यवस्था भी हरियाणा सरकार द्वारा निःशुल्क की जाएगी।
पंजाब के अस्पतालों में इलाज करवा सकेंगे
हरियाणा सरकार के कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाते हुए पंजाब के चार अस्पतालों को सूचीबद्ध किया है। इनमें होमी भाभा कैंसर अस्पताल व अनुसंधान केंद्र मुल्लांपुर, होमी भाभा कैंसर अस्पताल संगरूर, रीजनल स्पाइनल इंजरी सेंटर, सेक्टर 70 मोहाली तथा पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंस, फेज 3 बी 1, सेक्टर 60 मोहाली शामिल हैं। अब हरियाणा के कर्मचारी व पेंशनभोगी पंजाब के अस्पतालों में गंभीर बीमारियों का इलाज करवा सकेंगे।
यह भी पढ़ें – बजट हरियाणा का, नजरें पंजाब विधानसभा चुनाव पर, मुख्यमंत्री सैनी की केसरी पगड़ी से सियासी संदेश
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री इस कार्यकाल का अपना दूसरा बजट पेश किया। इस दौरान बजट के मुद्दों के अलावा कुछ दृश्यों व शब्दों ने सियासी चर्चा को बढ़ावा दिया है। पहला तो मुख्यमंत्री नायब सैनी सिर पर केसरी रंग की पगड़ी पहनकर बजट पेश करने पहुंचे। दूसरा उन्होंने अपने बजट की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत, ‘किरत कर, नाम जप, वंड छक’ से की। इसका अर्थ है ईमानदारी से मेहनत करना (किरत), ईश्वर का नाम स्मरण करना (नाम) और अपनी कमाई मिल-बांटकर खाना (वंड)। पूरी खबर पढ़ें…
