ओलंपिक, एशियन गेम्स या फिर कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में भारत को गोल्ड दिलाने में हमेशा से हरियाणा सबसे आगे रहा है। हरियाणा से ही अधिकतर एथलीट्स, रेसलर और अन्य खिलाड़ी इन आयोजनों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन इन खिलाड़ियों को यहां तक पहुंचने के लिए किस तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है इसका एक उदाहरण हरियाणा के गुरुग्राम से सामने आया है।
गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में 4 दिन तक एथलीट्स की ट्रेनिंग को रोक दिया गया और इसकी वजह थी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर 4 दिन स्टेडियम में खड़ा रहा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रहे एथलीट्स को अचानक 4 दिन के लिए स्टेडियम आने से रोक दिया गया। एथलीट्स के लिए स्टेडियम बुधवार को फिर से ओपन किया गया जब नायब सिंह सैनी का हेलीकॉप्टर वहां से हटा।
सिंगापुर टूर से लौटे थे नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का ऑफिशियल चॉपर 4 दिन के लिए इस स्टेडियम के बीचों बीच रनिंग ट्रैक पर खड़ा रहा। बुधवार रात को यह वहां से तब हटा जब मुख्यमंत्री सिंगापुर से लौटे और इस चॉपर में सवार होकर चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री तीन दिन के सिंगापुर टूर पर गए थे और इसलिए उनका यह चॉपर स्टेडियम के बीचों बीच खड़ा रहा।
‘हर महीने 1-2 दिन के लिए खड़ा होता है हैलीकॉप्टर’
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेडियम में चॉपर का पार्क होना कोई नई बात नहीं है। एथलीट्स का कहना है कि चॉपर लगभग हर महीने एक या दो दिन के लिए स्टेडियम में खड़ा रहता है। स्टेडियम में चॉपर की लैंडिंग कोई नई बात नहीं है। इससे पहले मार्च 2020 में मनोहर लाल खट्टर का भी चॉपर स्टेडियम में लैंड हुआ था। उस वक्त क्रिकेट एरिना एक ट्रेनिंग सेशन के बीच में खाली करा दिया गया था। उस समय स्टेडियम मैनेजमेंट ने कहा था कि उन्होंने एडमिनिस्ट्रेशन को लेटर लिखकर एक अलग हेलीपैड का इंतजाम करने के लिए कहा था।
सिंथेटिक ग्राउंड और रनिंग ट्रैक कर दिया गया था बंद
हेलीकॉप्टर के स्टेडियम में पार्क होने की वजह से सिंथेटिक ग्राउंड और रनिंग ट्रैक बंद कर दिया गया था, इसलिए कोई भी अंदर नहीं जा सकता। एथलीट्स ने कहा कि इससे उनकी रेगुलर ट्रेनिंग पर सीधा असर पड़ता है। हालांकि स्टेडियम में बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट जैसी सुविधाओं को नहीं रोका गया था। स्टेडियम में ट्रेनिंग करने वाले एक खिलाड़ी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, “जो एथलीट्स लगातार कॉम्पिटिशन के लिए ट्रेनिंग कर रहे हैं, उनके लिए एक या दो दिन की प्रैक्टिस भी गंवाना एक बड़ा नुकसान है।”
हेलीकॉप्टर की फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल
एथलेटिक्स ट्रैक के बगल में खड़े लाल और सफेद एयरबस H145 D3 हेलीकॉप्टर की तस्वीरें बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं जिसके बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इसे लेकर ऑब्जेक्शन उठाया। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए कई यूजर्स ने “VIP कल्चर” पर कमेंट्स किए। लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि VIP सुविधा के लिए एथलीट की ट्रेनिंग और एम्बिशन से कॉम्प्रोमाइज क्यों किया जाना चाहिए?
पैरेंट्स भी खुश नहीं
हेलीकॉप्टर को रनिंग ट्रैक पर पार्क करने को लेकर एक एथलीट के पैरेंट ने TOI से बात करते हुए कहा कि बच्चे ट्रेनिंग के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों से आते हैं और स्टेडियम पहुंचकर यह देखना और सुनना बहुत फ्रस्ट्रेटिंग होता है कि ट्रैक बंद है।
हेलीकॉप्टर के लिए हो अलग जगह- स्पोर्ट्स कोच
एक स्पोर्ट्स कोच ने भी इसको लेकर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर पार्क करने के लिए एक अलग जगह तय की जानी चाहिए ताकि एथलीट को अपनी ट्रेनिंग रोकनी न पड़े। कोच ने कहा कि शहर में कई खुली जगहों पर दूसरे इंतजाम के लिए देखा जा सकता है। कोच ने कहा, “स्टेडियम एथलीट की ट्रेनिंग और स्पोर्टिंग एक्टिविटीज़ के लिए है। जबकि चीफ मिनिस्टर की सिक्योरिटी जरूरी है, प्लेयर्स को बार-बार ग्राउंड से दूर नहीं रखा जाना चाहिए क्योंकि हेलीकॉप्टर को पार्क करने की ज़रूरत है।”
अधिकारियों ने इस मामले पर क्या कहा?
इस पूरे मामले पर अधिकारियों की ओर से कहा गया है कि हेलीकॉप्टर को स्टेडियम में इसलिए पार्क किया गया था क्योंकि इसे दिल्ली में पार्क करने पर चार्ज लगेगा। CM अक्सर शहर के अपने विजिट के लिए चॉपर का इस्तेमाल करते हैं। अगर उन्हें फ्लाइट लेनी होती है, तो उन्हें स्टेडियम से IGI एयरपोर्ट ले जाया जाता है। मिनी सेक्रेटेरिएट और PWD गेस्टहाउस के पास होने की वजह से भी स्टेडियम एक आसान ऑप्शन है।
यह भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका गांधी पर तीन और FIR, कल हुए प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, जवानों के साथ कथित मारपीट का आरोप
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को विपक्ष के प्रदर्शन के सिलसिले में तीन एफआईआर दर्ज की हैं। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में और भी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। इन एफआईआर में पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने, धक्का-मुक्की और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी से जुड़ी अलग-अलग धाराएं लगाई गई हैं। अब तक दर्ज एफआईआर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी शामिल हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर…
