हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौत के मामले में काम मरने वाली कंपनी के मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार तड़के लगभग तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया था। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि श्रमिकों की मौत के मामले में बीती रात मुकदमा दर्ज किया गया।
सरकारी काम में लापरवाही का आरोप
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुरारा थाने में यह मुकदमा राज्य सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक दिलीप कुमार की तहरीर पर कार्यदायी संस्था के मालिक पवन प्रताप सिंह और ठेकेदार नितीश कुमार के खिलाफ सरकारी काम में लापरवाही और ढिलाई बरतने के आरोप में दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी प्रिन्स दीक्षित ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके विवेचना की जा रही है।
सहायक अभियंता के खिलाफ भी हुई कार्रवाई
बता दें कि इस संबंध में लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक अभियंता गजेंद्र चौधरी को शुक्रवार को ही निलंबित कर दिया गया था। हमीरपुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर लालपुरा थाना क्षेत्र के परसानी और कंदौर गांवों के बीच बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 22 वर्षीय लोकेन्द्र, 19 वर्षीय कुलदीप निषाद, 28 वर्षीय सावंत यादव, 30 वर्षीय सभाजीत, 34 वर्षीय पुष्पेंद्र चौहान और 42 वर्षीय राजेश पाल के रूप में हुई है। वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद घायल हुए हैं, जिन्हें मलबे से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
(यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के लोगों को बड़ा झटका, महंगी हुई बिजली)
उत्तर प्रदेश में बिजली महंगी हो गई है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बिजली बिल में 10% अतिरिक्त शुल्क लगाने का फैसला किया है। इस वजह से अगले यानी जून महीने से लोगों को बिजली का बढ़ा हुआ बिल देना होगा। पिछले कई दिनों से उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लोग बिजली की जबरदस्त कटौती से जूझ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर
