बिहार के हाजीपुर से वैवाहिक विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कथित तौर पर यहां एक पत्नी के घर छोड़कर दूसरे शख्स के साथ रहने का मामला सामने आया है। पति अमन कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी उन्हें और परिवार को छोड़कर चली गईं। वहीं, बाद में एक अन्य शख्स के साथ रहते हुए पकड़ी गईं। इस मामले को लेकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई है। मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है।
अमन का बयान सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में अमन कुमार ने बताया कि उनकी शादी साल 2013 में गुंजन कुमारी से हुई थी। रिश्ता उनकी पत्नी के मामा ने तय कराया था। उन्होंने कहा कि शादी के समय गुंजन ने इंटरमीडिएट पास किया था और आगे पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी।
एक साल से अदालत में चल रहा मामला
अमन ने कहा, “शादी के बाद उन्होंने कहा कि वह आगे पढ़ना चाहती हैं। मैंने और मेरे पिता ने उनका पूरा सहयोग किया। मैंने दिन-रात मेहनत करके उनकी पढ़ाई का खर्च उठाया। जरूरत पड़ने पर मैंने जमीन का एक टुकड़ा भी बेच दिया ताकि उनकी शिक्षा पूरी हो सके।” अमन ने बताया कि यह मामला पिछले एक साल से अदालत में चल रहा है।
उन्होंने दावा किया कि जांच-पड़ताल के दौरान उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी एक अन्य व्यक्ति के साथ रह रही हैं। उन्होंने कहा, “23 मई को शाम करीब 4:30 बजे मुझे उस व्यक्ति की कार के जरिए उनकी लोकेशन मिली। मैं वहां पहुंचा तो उन्हें ऐसी स्थिति में देखा जैसी पति-पत्नी के बीच होती है। जब मकान मालिक आया तो उसने मेरा मोबाइल छीन लिया। मैंने पहले ही 112 नंबर पर कॉल कर दिया था। मुझे जान से मारने की धमकी भी दी गई।”
अमन का आरोप है कि इसके बाद मकान मालिक ने उस व्यक्ति को भी घर से बाहर निकाल दिया। बाद में सड़क पर दोनों के बीच फिर से सामना हुआ। उन्होंने बताया, “मैं सड़क के मोड़ पर खड़ा था। जब वह व्यक्ति कार लेकर आया तो मैंने उससे पूछा कि वह वहां क्या कर रहा था। वह आक्रामक हो गया। तभी मेरी पत्नी पीछे से आईं और कहा कि वह अब मेरे साथ नहीं रहना चाहतीं। हमारी शादी नवंबर 2013 में हुई थी, उन्हें 2024 में नौकरी मिली और हमारा 10 साल का एक बच्चा भी है।”
अमन ने उस व्यक्ति की पहचान प्रेम प्रकाश जायसवाल के रूप में की और कहा कि वह उनकी पत्नी का स्कूल का दोस्त है। उन्होंने कहा, “पहले मैं अपना परिवार वापस चाहता था, लेकिन 23 मई की घटना देखने के बाद अब मैं अदालत से अनुरोध करता हूं कि मुझे उनसे अलग कर दिया जाए। उनके साथ एक और दिन बिताना भी मेरे लिए मुश्किल होगा।” फिलहाल मामले पर पत्नी या दूसरे पक्ष की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और मामला न्यायालय में लंबित है।
