Punjab News: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, दोनों विधायकों ने कहा कि जब वे किसी दूसरी पार्टी में शामिल होंगे, तब वे सभी सवालों के जवाब देंगे।

टॉइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जोड़ामाजरा ने दावा किया कि शनिवार को जारी पार्टी की 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में दोबारा चुने गए आम आदमी पार्टी के 15-20 मौजूदा विधायक पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संपर्क में थे।

हम बीजेपी के संपर्क में नहीं थे- जोड़ामाजरा

100% गारंटी देते हुए जोड़ामाजरा ने कहा, “अगर शनिवार को उम्मीदवारों की लिस्ट अनाउंस नहीं होती, तो 15-20 विधायक अमित शाह के साथ जाने वाले थे।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वह भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में थे तो उन्होंने कहा, “हम नहीं थे।” उन्होंने आगे कहा, “अभी कुछ नहीं है। जब ऐसा होगा, तो हम गले में ढोल लटकाकर छत पर डांस करेंगे।”

इस बीच, पठानमाजरा ने भारतीय जनता पार्टी, शिअद और कांग्रेस का नाम लेते हुए कहा, “हम उस पार्टी में जाएंगे जो पंजाब का भला करेगी।” दोनों नेताओं ने पार्टी छोड़ने का कारण भी बताया। इसमें भगवंत मान सरकार का नशीले पदार्थों की समस्या को रोकने में नाकाम रहना, मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या और मानसा में दलजीत सिंह के शव को कथित तौर पर पुलिस द्वारा अपने कब्जे में लेने से जुड़ा विवाद शामिल है।

दिल्ली के नेता ले रहे फैसले- विधायक

दोनों विधायकों ने आरोप लगाया कि पंजाब में दिल्ली के नेता फैसले ले रहे हैं, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पार्टी चला रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास कोई ताकत नहीं है। जोड़ामाजरा ने आरोप लगाया कि कैबिनेट बैठकों से पहले मंत्रियों को एजेंडे की प्रतियां नहीं दी जाती हैं। उन्होंने कहा, “कैबिनेट बैठक के दौरान मंत्रियों को एजेंडे की प्रतियां तक ​​नहीं मिलतीं। वे बस वहां जाते हैं और सिर हिलाकर वापस आ जाते हैं।”

यह भी पढ़ें: पंजाब: आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते कुंवर विजय प्रताप सिंह ने छोड़ी विधायकी, बोले- 90% टारगेट पूरे किए

आम आदमी पार्टी से सस्पेंड चल रहे अमृतसर उत्तर विधानसभा सीट के MLA कुंवर विजय प्रताप सिंह ने विधायकी छोड़ दी है। X पर अपना इस्तीफा जारी कर उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब नशीले पदार्थों, जबरन वसूली, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार के जाल में फंसा हुआ है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…