साल 2018 का बुराड़ी कांड शायद कोई नहीं भूला होगा, जहां एक ही परिवार के 11 लोगों की डेडबॉडी उन्हीं के घर में फंदे से लटकी हुई मिली थी। उस केस को लेकर यह भी कहा गया था कि सभी 11 सदस्यों ने किसी बाहरी तांत्रिक के बहकावे में आकर आत्महत्या की थी। हालांकि पुलिस और क्राइम ब्रांच ने ऐसे दावों को खारिज किया था, लेकिन गुजरात के वडोदरा में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां पुलिस ने ही 7 महीने पुराने एक सुसाइड केस सुलझाते हुए ऐसा दावा किया है।

दरअसल, वडोदरा शहर में 28 वर्षीय महिला की कथित आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सात महीने बाद एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि आरोपी ने महिला को अंधविश्वास के नाम पर डराया, तांत्रिक रस्मों में उलझाया और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देकर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया।

तांत्रिक पर दर्ज केस की धाराएं

इस मामले में कुंभरवाड़ा पुलिस स्टेशन ने 18 अगस्त (मंगलवार) देर रात आरोपी गिरीश उर्फ बापू परमार को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 354 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कब की है घटना?

पुलिस के मुताबिक, यह घटना वडोदरा शहर के करेलीबाग इलाके की है जहां, एक फोटो स्टूडियो में बतौर मैनेजर के रूप में काम करने वाली महिला ने दिसंबर 2025 में कथित तौर पर चूहे मारने की दवा खा ली थी। उसकी हालत बिगड़ने पर पहले तो नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 31 दिसंबर को गंभीर हालत में वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां 6 जनवरी 2026 को उसकी मौत हो गई।

चुड़ैल का डर दिखाकर किया वश में

महिला की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि परमार ने उनकी बेटी को विश्वास दिलाया था कि उसकी छाती पर “चुड़ैल बैठ गई है” और उससे छुटकारा पाने के लिए विशेष तांत्रिक अनुष्ठान कराना जरूरी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इसी डर का इस्तेमाल करके महिला को अपने कंट्रोल में कर लिया था।

महिला के साथ तांत्रिक ने शारीरिक संबंध भी बनाए थे

पुलिस इंस्पेक्टर ए. जे. पांडव के मुताबिक, कथित रस्मों के दौरान आरोपी ने महिला के बाल काटे, उसे माला, इत्र की छोटी बोतल, शहद और सिक्के दिए तथा नियमित रूप से इन अनुष्ठानों के बहाने उससे संपर्क बनाए रखा। जांच में यह भी सामने आया कि शादीशुदा होने के बावजूद आरोपी ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और कथित तौर पर उससे पैसे भी लिए।

कैसे तांत्रिक तक पहुंची पुलिस

शुरुआत में पुलिस ने इस मामले को आकस्मिक मौत के रूप में दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन मौके से बरामद बाल, इत्र, शहद, सिक्के और महिला का मोबाइल फोन फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया। पुलिस के अनुसार, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला सामने आया। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें: गर्लफ्रेंड से अलग होना बर्दाश्त नहीं कर पाया शख्स, होटल में बुक किया कमरा, घरवालों से मांगी माफी और कहा- उसे खबर दे देना

प्रेमिका से अलगाव से दुखी 27 साल के शख्स ने दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक होटल के कमरे में कथित तौर पर पंखें से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसने एक पत्र छोड़ा है जिसमें उसने अपने परिवार से माफी मांगी है और अनुरोध किया कि प्रेमिका को उसकी मौत के बारे में सूचित किया जाए। पुलिस ने कहा कि उन्हें मंगलवार रात 11.09 बजे नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास एक होटल से एक सूचना मिली की एक मेहमान ने एक कमरे में फंदा लगा लिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…