गुजरात के सूरत जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया है, जिसमें चार मजदूरों की मौत हो गई है। बताया जा रहा कि सूरत शहर के अश्विनी कुमार इलाके में एक ज्वेलरी निर्माण फैक्ट्री में जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ। फैक्ट्री में मजदूर सेप्टिक टैंक की सफाई का काम कर रहे थे। इस हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, जिस टैंक की सफाई की जा रही थी, उसमें आभूषणों की सफाई प्रक्रिया से निकलने वाले कचरा और रासायनिक अवशेष जमा होते है। इस टैंक की सफाई और रखरखाव हर दो महीने में की जाती है। रविवार सुबह एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर टैंक के अंदर उतरे। टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण अचानक सभी की तबीयत बिगड़ गई और वे वहीं बेहोश होकर गिर गए।

अस्पताल प्रशासन ने घोषित किया मृत

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। सभी मजदूरों को टैंक से बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

जहरीली गैस की मात्रा बहुत अधिक थी- डिविजनल फायर ऑफिसर

मामले में सूरत के डिविजनल फायर ऑफिसर रंजीत सिंह ने कहा, “जब हमें कॉल आई तो 4 लोग वहां थे। हमने उन्हें बाहर निकाला और आगे के इलाज के लिए अस्पताल भेजा। शुरुआत में हमें बताया गया था कि कोई पानी की टंकी में गिर गया है। हालांकि, मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वह पानी की टंकी नहीं थी। ऐसा लगता है कि अंदर जहरीली गैस जमा हो गई थी और काम करते समय वे इसकी चपेट में आ गए। जहरीली गैस की मात्रा बहुत ज़्यादा रही होगी, जिससे वे चारों बेहोश होकर गिर पड़े।”

हादसे का मामला दर्ज

हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जोन-1 के पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि अश्विनी कुमार इलाके में एक ज्वेलरी कंपनी में ETP टैंक की सफाई के दौरान गैस लीक होने से चार लोगों की मौत हो गई।

आगे आलोक कुमार ने कहा, “ज्वेलरी की सफाई से निकलने वाला कचरा एक सेप्टिक टैंक में जाता है, और जमा हुई गंदगी (स्लज) को हटाने के लिए इसकी नियमित सफाई की जाती है। यह सफाई हर 2 महीने में होती है। आज सुबह, 4 लोग सफाई करने के लिए वहां गए थे। इस प्रक्रिया के दौरान, एक व्यक्ति टैंक में गिर गया और उसे बचाने गए दूसरे मजदूर भी उसमें गिर गए। कुल चार लोगों की मौत की खबर है। हम अभी एक्सीडेंटल डेथ (हादसे में मौत) का मामला दर्ज कर रहे हैं।

जरूरी सुरक्षा उपकरण साथ नहीं थे- पुलिस अधिकारी

आगे कहा, “CCTV फुटेज की शुरुआती जांच में कोई जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिखे। पहली नजर में केमिकल पॉइजनिंग (जहरीले केमिकल का असर) वजह लगती है, क्योंकि ऐसी स्थितियों में दम घुटने से अचानक होने वाली मौतों में अक्सर केमिकल पॉइज़निंग शामिल होती है। हालांकि, हम तब तक पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकते जब तक डॉक्टर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत की वजह साफ न हो जाए। यह घटना सुबह हुई जब वे सफाई का काम कर रहे थे। उनके पास इस गंदगी को संभालने और हटाने के लिए ज़रूरी सही उपकरण नहीं थे, और इसी वजह से यह जहरीले असर वाली घटना हुई।”

यह भी पढ़ें: गुजरात में महाराष्ट्र निगम की दो बसें टकराईं, अब तक 7 लोगों की हुई मौत और 38 घायल

गुजरात के सूरत में मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की दो बसें आपस में टकरा गई हैं, इसमें कई लोगों की मौत हो गई है। यह दुर्घटना तब हुई जब नेशनल हाईवे 53 पर एक बेकाबू बस पानी के टैंकर से टकराकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में आ गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकराकर पलट गई। पलटने के बाद बस में आग लग गई। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें