गुजरात के अहमदाबाद में बोटाद पुलिस ने एक हीरा व्यापारी के यहां हुई करीब 44 लाख की हीरा चोरी के केस को 8 घंटे की कार्रवाई के बाद सुलझा लिया। हैरानी वाली बात यह है कि चोर ने 1,437 कैरेट हीरे चोरी किए थे, लेकिन पुलिस ने जब मामले को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तो उनके पास से 1,885.75 कैरेट हीरे बरामद किए। यानी पुलिस को 448.75 कैरेट हीरे अधिक मिले।

पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, रविवार को बोटाद के नीलम हीरा बाजार में हीरा व्यापारी अशोक जावर कंकोटिया के ऑफिस में चोरी हुई। भिखारी बनकर घुसे तीन लोगों ने चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया और सिर्फ 15 मिनट के अंदर 43.11 लाख रुपये की अनुमानित वैल्यू के हीरे दुकान से चुरा लिए।

पुलिस ने 8 घंटे में सुलझा लिया केस

अशोक जावर कंकोटिया ने रविवार शाम को पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई और सिर्फ 8 घंटे के अंदर पुलिस ने इस केस को सुलझाते हुए तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। सोमवार को पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी मीडिया को साझा की। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी, ऑटो ड्राइवर और रेलवे की मदद से इस केस को करीब 8 घंटे में ही सुलझा लिया गया और तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया।

448.75 कैरेट अधिक हीरे हुए बरामद

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 1,437 कैरेट हीरे की चोरी को अंजाम दिया था, लेकिन जब उनकी गिरफ्तारी हुई तो उनके पास से 1,885.75 कैरेट हीरे मिले, जो चोरी हुए हीरों से 448.75 कैरेट ज्यादा हैं। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि अतिरिक्त हीरे किसके हैं?

किस तरह वारदात को दिया गया अंजाम?

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर तीन लोग भिखारी का वेश बनाकर बोटाद के नीलम डायमंड मार्केट स्थित हीरा व्यापारी अशोक कंकोटिया के ऑफिस में घुसे थे। दोपहर 1:09 बजे महिला पीछे के दरवाजे से अंदर गई। 1:23 बजे वह एक छोटा पैकेट लेकर बाहर निकल गई। शाम 7:47 बजे व्यापारी ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।

पुलिस को सीसीटीवी की मदद से आरोपियों का सुराग मिला। आरोपी ऑटो रिक्शा लेकर शाम 5 बजे बोटाद और अहमदाबाद के बीच एक लोकल ट्रेन में चढ़े थे। रेलवे टेक्निकल सेल की मदद से यह पता चला कि ट्रेन कोठ स्टेशन पार करने के बाद धोलका और बावला (अहमदाबाद के बाहरी इलाके) की ओर जा रही थी।

बोटाद के पुलिस सुपरिटेंडेंट धर्मेंद्र शर्मा ने अहमदाबाद रूरल के पुलिस सुपरिटेंडेंट ओम प्रकाश को अलर्ट किया, जिन्होंने तुरंत बावला रेलवे स्टेशन पर टीमें तैनात कर दीं और पुलिस ने अहमदाबाद में अपने साथियों के साथ संदिग्धों की तस्वीरें और फुटेज भी शेयर कीं।

ट्रेन के बावला रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले अहमदाबाद रूरल पुलिस ने RPF के साथ मिलकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म और एग्जिट पॉइंट पर घेराबंदी कर दी। जैसे ही बोटाद-अहमदाबाद ट्रेन रात करीब 8.30 बजे बावला स्टेशन पर घुसी टीमों ने ट्रेन के अलग-अलग कोच की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को तीनों आरोपी ट्रेन में मिल गए। पुलिस ने तीनों को आराम से नीचे उतार लिया। हालांकि शुरुआत में तीनों ने चोरी से इनकार किया था, लेकिन जब उनके सामान की तलाशी ली गई तो हीरे उनके पास से मिल गए।

पुलिस को मिले एक्स्ट्रा हीरे

पुलिस को तलाशी के दौरान हीरे एक लेदर के पर्स और 14 लिफाफों में मिले। एक लोकल ज्वैलर की मदद से उन्होंने पता लगाया कि कीमती स्टोन का वजन 1,885.75 कैरेट था, जो चोरी हुए हीरे से 448.75 कैरेट अधिक था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये एक्स्ट्रा हीरे किसके हैं।

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल के कूच बिहार से तीन संदिग्ध गिरफ्तार, ISI एजेंट होने का शक

पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने को कूच बिहार जिले से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी इस शक के आधार पर की गई है कि यह तीनों भारत में रहकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहे थे। आधिकारियों ने शनिवार (15 अगस्त 2026) को इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। यहां पढ़ें पूरी खबर…