scorecardresearch

Gujarat, Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav Result 2022 Updates: सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिले जयराम ठाकुर, बधाई देकर बोले- मिलकर करेंगे हिमाचल की सेवा

Gujarat, Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav Result 2022 Updates: सीएम पद के नाम का ऐलान होने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त किया। सुक्खू ने कहा कि पार्टी द्वारा जनता से जो भी वादे किये गए हैं, उन्हें पूरा करेंगे।

Himachal Pradesh Congress leaders, Himachal Pradesh New CM
हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन पहुंचे कांग्रेसी नेता(फोटो सोर्स: ANI)।

Gujarat, Himachal Pradesh Assembly Election Results 2022: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है। बता दें कि सुक्खू 11 दिसंबर को दोपहर डेढ़ बजे शपथ लेंगे। वहीं कांग्रेस आलाकमान ने राज्य में डिप्टी सीएम के तौर पर मुकेश अग्निहोत्री के नाम पर मुहर लगाई है। इस बीच निवर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार शाम को मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलकर उनको नई सरकार बनाने के लिए बधाई दी और अपनी ओर उनके साथ मिलकर राज्य की सेवा करने का वादा किया।

उधर, कांग्रेस के फैसले के बाद सुक्खू ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त किया। सुक्खू ने कहा कि पार्टी द्वारा जनता से जो भी वादे किये गए हैं, उन्हें पूरा करेंगे। वहीं पार्टी के इस फैसले पर जब प्रतिभा सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी हाईकमान का फैसला मंजूर है।

बता दें कि शिमला में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। चुनाव नतीजों की बात करें कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में 40 सीटों पर कब्जा किया है। वहीं भाजपा की झोली में 25 सीटें हैं।

Live Updates

Gujarat, Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav Result 2022 Live Updates: हिमाचल में सीएम पद पर आज हो सकता फैसला, जानें पल-पल की अपडेट

04:13 (IST) 11 Dec 2022
17 साल की उम्र से शुरू किया राजनीतिक जीवन

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने 17 साल की उम्र से राजनीतिक जीवन शुरू किया। सोनिया गांधी जी, राहुल जी और प्रियंका गांधी जी और खरगे जी का आभारी हूं। एक आम परिवार से ऊपर उठकर यहां तक पहुंचा हूं। राजीव गांधी जी ने मुझे एनएसयूआई का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था, सोनिया गांधी जी ने युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। फिर राहुल गांधी जी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया था।’’

00:59 (IST) 11 Dec 2022
सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने पर हमीरपुर स्थित उनके गांव में जश्न

सुखविंदर सिंह सुक्खू को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने की आधिकारिक घोषणा किये जाने के साथ मीरपुर के नादौन में स्थित उनके पैतृक गांव ‘भाबरा’ में जश्न मनाया जाने लगा। इस जश्न में उनके परिवार और ग्रामीणों के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और लोग ढोल-नगाड़े पर नृत्य करते दिखे। महिलाओं ने स्थानीय गीत गाकर खुशी का इजहार किया।

22:11 (IST) 10 Dec 2022
मनोनीत सीएम ने कहा, “यहां तक पहुंचने में गांधी परिवार का बहुत योगदान”

नए मुख्यमंत्री के लिए मनोनीत होने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, राजनीति की जो सीढ़ियां मैंने चढ़ी हैं उसमें गांधी परिवार का बहुत योगदान रहा है। उन्होंने कहा, “जो वादे हमने जनता से किए उसे लागू करने की जवाबदेही मेरी है। हम सत्ता, सत्ता के लिए नहीं चाहते हैं, हम सत्ता परिवर्तन के लिए लाए हैं।”

21:11 (IST) 10 Dec 2022
मनोनीत सीएम ने कहा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शपथ समारोह में रहेंगे

हिमाचल प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत और कई अन्य नेता कल शपथ समारोह में शामिल होंगे।”

20:44 (IST) 10 Dec 2022
सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को डेढ़ बजे लेंगे शपथ

हिमाचल प्रदेश में नई सरकार का गठन 11 दिसंबर 2022 रविवार को होने जा रहा है। नई सरकार के मुखिया सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को दोपहर डेढ़ बजे शपथ लेंगे। यह जानकारी अधिकृत रूप से मीडिया को दी गई है। इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शिमला में मौजूद रहेंगे।

20:00 (IST) 10 Dec 2022
Himachal Pradesh: सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता थे ड्राइवर

कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू को राज्य की कमान सौंपी है। उनके निजी जीवन की बात करें तो सुक्खू का जन्म 26 मार्च 1964 को हमीरपुर जिले की नादौन तहसील के सेरा गांव में हुआ था। उनके पिता रसील सिंह हिमाचल परिवहन निगम में बस ड्राइवर थे।

19:52 (IST) 10 Dec 2022
सरकार बनाने का दावा पेश करने राजभवन पहुंचे कांग्रेसी नेता

हिमाचल प्रदेश में सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा वीरभद्र सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेसी नेता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आरवी आर्लेकर से मिलने राजभवन पहुंचे।

https://twitter.com/ANI/status/1601579950565654528

19:24 (IST) 10 Dec 2022
सुक्खू के नाम पर लगी मुहर तो क्या बोलीं प्रतिभा सिंह

कांग्रेस आलाकमान द्वारा सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगने के बाद हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने कहा कि आलाकमान का जो भी फैसला है, वो हमें मंजूर है।

19:19 (IST) 10 Dec 2022
11 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह, राहुल-प्रियंका होंगे शामिल- भूपेंद्र सिंह हुड्डा

हिमाचल प्रदेश में सीएम पद को लेकर चल रही कांग्रेस की माथापच्ची अब खत्म होती दिख रही है। बता दें कि शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है। बैठक के बाद कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हिमाचल में हम बहुत अच्छी सरकार चलाएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कल शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

19:06 (IST) 10 Dec 2022
Himachal Pradesh CM: क्या कहा सुखविंदर सिंह सुक्खू ने

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल की कमान दिए जाने को लेकर कहा कि वो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हैं। सुक्खू ने कहा कि पार्टी द्वारा जनता से जो भी वादे किये गए हैं, उन्हें पूरा करेंगे।

18:52 (IST) 10 Dec 2022
Himachal Pradesh Live: सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर लगी मुहर

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस आलाकमान ने सीएम पद के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर मुहर लगा दी है। वहीं मुकेश अग्निहोत्री को राज्य का डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। सूत्रों की मानें तो सुक्खू 11 दिसंबर को सीएम के तौर पर शपथ ले सकते हैं।

18:25 (IST) 10 Dec 2022
Himachal Election Live: शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक चल रही है

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा वीरभद्र सिंह सहित कई अन्य नेता मौजूद हैं।

18:12 (IST) 10 Dec 2022
कौन है सुखविंदर सिंह सुक्खू जिसपर कांग्रेस आलाकमान लगा सकता है मुहर

सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर जिले के नादौन से तीसरी बार विधायक बने हैं। वो शिक्षा से वकील हैं और कांग्रेस विंग नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) से आगे आए हैं।

17:06 (IST) 10 Dec 2022
सुखविंदर सिंह सुक्खू के होटल के बाहर नारेबाजी

सूत्रों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में सीएम फेस के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर कांग्रेस मुहर लगा सकती है। वहीं इसको लेकर प्रतिभा सिंह के समर्थकों द्वारा पार्टी आलाकमान के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

16:48 (IST) 10 Dec 2022
मुझे पार्टी के फैसले की जानकारी नहीं, बैठक में पता चलेगा: सुखविंदर सिंह सुक्खू

सीएम पद को लेकर पार्टी के फैसले पर कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक दल की बैठक में जाने से पहले मीडिया से कहा कि मुझे अभी हाईकमान के फैसले की जानकारी नहीं है। मैं कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक में जा रहा हूं, जोकि शाम 5 बजे होगी।

दरअसल न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से कहा कि कांग्रेस आलाकमान ने हिमाचल प्रदेश के सीएम के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम को मंजूरी दे दी है। वहीं अन्य नेताओं से चर्चा कर आज शाम तक उनके नाम की घोषणा कर दी जाएगी।

16:33 (IST) 10 Dec 2022
आज हिमाचल को मिल सकता है नया सीएम, शाम बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बहुमत मिलने के साथ ही सीएम पद के चेहरे को लेकर माथापच्ची चल रही है। इसको लेकर शनिवार को शाम बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होने की खबर है। बता दें कि इस बैठक में सीएम कौन होगा, इसका ऐलान हो सकता है।

14:18 (IST) 10 Dec 2022
प्रियंका गांधी हिमाचल में सीएम पद पर लेंगी अंतिम फैसला

एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, जिन्हें पार्टी के नेताओं ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत का श्रेय दिया है, वही राज्य का मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अंतिम फैसला लेंगी।

13:21 (IST) 10 Dec 2022
विधायक दल के नेता चुने गए भूपेंद्र पटेल

गुजरात में बीजेपी के विधायक दल ने भूपेंद्र पटेल को अपना नेता चुन लिया है। ये जानकारी बीजेपी विधायक हर्ष सांघवी ने दी।

13:19 (IST) 10 Dec 2022
बीजेपी के 6-7 विधायक हमारे साथ आ सकते: कांग्रेस

कांग्रेस की ओर से संभावित सीएम उम्मीदवार सुखविंदर सिंह सुक्खू ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, “हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सबसे स्थिर सरकार होगी। 40 विधायक चुने गए और 3 अन्य विधायकों ने अपना समर्थन देने का वादा किया है। हम 43 विधायक हैं। कांग्रेस से कोई नहीं टूटेगा लेकिन बीजेपी से टूट सकता है। आने वाले समय में कांग्रेस में बीजेपी के 6,7 विधायक आ सकते हैं।”

11:45 (IST) 10 Dec 2022
बीजेपी कार्यालय पहुंचे विधायक

गुजरात के सभी नवनिर्वाचित बीजेपी विधायक प्रदेश कार्यालय पहुंचने लगे हैं। बता दें कि यहीं बीजेपी विधायकों की बैठक होगी।

10:58 (IST) 10 Dec 2022
2 बजे भूपेंद्र पटेल कर सकते सरकार बनाने का दावा

बता दें कि विधायक दल की बैठक के बाद भूपेंद्र पटेल दोपहर दो बजे राजभवन जा सकते हैं और राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।

10:05 (IST) 10 Dec 2022
हिमाचल में सीएम पद पर फैसला आज

हिमाचल प्रदेश में सीएम चेहरे पर आज फैसला होने की पूरी संभावना है। शुक्रवार को पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और भूपेंद्र हुड्डा ने सभी विधायकों के साथ बैठक की और उनकी राय जानी। इसके बाद एक लाइन का प्रस्ताव पारित हुआ।

09:58 (IST) 10 Dec 2022
भूपेंद्र पटेल आज चुने जाएंगे विधायक दल के नेता

गुजरात में आज बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में भूपेंद्र पटेल के विधायक दल के नेता के रूप में चुने जाने की पूरी संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर राजधानी शिमला में शुक्रवार को बैठक हुई लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका। इस बैठक में कांग्रेस के 39 विधायक भी मौजूद रहे। वहीं गुजरात में भूपेंद्र पटेल आज विधायक दल के नेता चुने जाएंगे। शुक्रवार को भूपेंद्र पटेल ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था।

First published on: 10-12-2022 at 08:57 IST
अपडेट