गुजरात के अहमदाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 10 साल के बेटे की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय नरेश के रूप में हुई है, जो गांव में भुवा यानी कथित तौर पर देवी-देवताओं की शक्ति अपने भीतर आने का दावा करने वाले व्यक्ति के रूप में जाना जाता है।

बताया जा रहा है कि नरेश नहीं चाहता था कि उसका बेटा भी बड़ा होकर उसकी तरह भुवा बने। इसी वजह से उसने घर के आंगन में बने मंदिर में देवी की वेदी पर बेटे करण का सिर पटक दिया और फिर डंडे से वार कर उसकी जान ले ली।

बेटे के शव के पास सो रहा था नरेश

इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब नरेश की पत्नी भारती पटेल रविवार को घर पहुंची। उसने अपने 10 साल के बेटे करण का शव घर में चारपाई पर पड़ा देखा। हैरानी की बात यह थी कि नरेश बेटे के शव के पास ही चारपाई पर सो रहा था।

भारती ने पुलिस को बताया कि नरेश ने खुद उसे बताया था कि उसने करण को पैरों से पकड़कर माता रानी की वेदी पर तीन बार पटका। इसके बाद उसके सिर पर डंडे से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने बेटे का शव चारपाई पर रखा और उसके पास ही सो गया।

झगड़े और मारपीट के कारण मायके चली गई थी मां

पुलिस के मुताबिक, भारती करीब 10 दिन पहले अपने पति से झगड़े और मारपीट के बाद अहमदाबाद के साणंद में अपने माता-पिता के घर रहने चली गई थी। हालांकि, करण की परीक्षाएं चल रही थीं, इसलिए वह पिता के पास ही रुक गया था।

1 नवंबर को भारती को जानकारी मिली कि नरेश ने बेटे के साथ मारपीट की है। इसी दौरान एक पड़ोसी ने भी पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां पुलिस को नरेश अपने घर में बेटे के शव के पास सोता हुआ मिला।

साणंद पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जेएल चौहान ने बताया कि आरोपी ने घर के आंगन में बने मंदिर में देवी की वेदी के किनारे बच्चे का सिर पटका और फिर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मंदिर में मौजूद जोगणी माता की वेदी पर बच्चे के खून के निशान भी मिले हैं।

बेटे को भुवा नहीं बनाना चाहता था पिता

पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, जब भारती ने नरेश से पूछा कि उसने अपने ही बेटे को क्यों मार डाला, तो उसने जवाब दिया कि उसके पिता भी भुवा थे और उनके बाद उसने यह जिम्मेदारी संभाली थी। वह नहीं चाहता था कि परिवार में कोई और भुवा बने। इसी सोच के चलते उसने अपने बेटे करण को मार डाला, ताकि परिवार में आगे कोई इस भूमिका को न अपनाए।

बताया जा रहा है कि नरेश गुजरात के अहमदाबाद जिले के विंछिया गांव में रहता है और खुद को भुवा के रूप में पेश करता था। भुवा ऐसे धार्मिक अनुष्ठान करने वाले लोग होते हैं, जिनके बारे में मान्यता है कि उनके शरीर में देवी-देवता आते हैं या वे दैवीय शक्तियों के जरिए लोगों की समस्याएं दूर कर सकते हैं। हालांकि, अंधविश्वास और ऐसी प्रथाओं के नाम पर ग्रामीणों के शोषण को लेकर गुजरात में कई तर्कवादी संगठन गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का काम करते हैं।

आरोपी की मानसिक स्थिति की होगी जांच

पुलिस ने नरेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर चौहान के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। ऐसे में उसकी मनोवैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। पुलिस को यह भी पता चला है कि आसपास के लोगों के साथ नरेश के संबंध अच्छे नहीं थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के दिमाग की हालत की जांच कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें: मुंबई में शादी का खाना खाने से 27 बच्चे बीमार, FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे से की गई शिकायत

मुंबई के नाहुर वेस्ट स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें खाना खाने से 27 बच्चे बीमार पड़ गए। इस घटना की जानकारी महाराष्ट्र खाद्य सुरक्षा विभाग के कमिश्नर तुकाराम मुंढे को भी दी गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।