गुजरात में एक 60 वर्षीय किसान ने तेंदुए को मार डाला। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि गुजरात के गिर सोमनाथ ज़िले में एक तेंदुए के हमले के बाद किसान ने खुद को और अपने बेटे को बचाने के लिए हंसिया और भाले से उसे मार डाला। हमले के बाद किसान बाबू वाजा और उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तेंदुए को किसान ने मारा
वन अधिकारियों ने किसान के खिलाफ़ तेंदुए को मारने का मामला दर्ज किया है। यह जानलेवा घटना बुधवार रात को हुई, जब बाबू वाजा ज़िला मुख्यालय वेरावल से लगभग 100 किलोमीटर दूर गंगड़ा गांव के बाहरी इलाके में अपने घर के बरामदे में आराम कर रहे थे। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर एल बी भरवाड़ ने बताया कि पास के खेतों से एक तेंदुआ निकला और बिना किसी उकसावे के वाजा पर कूद पड़ा।
बाबू वाजा के मुताबिक तेंदुए ने उनकी बांह पकड़ ली और उन्हें खींचने लगी। बाबू वाजा ने ऊना शहर के एक अस्पताल में पत्रकारों को बताया, “मेरी चीख सुनकर मेरा बेटा शार्दुल मुझे बचाने के लिए दौड़ा। हालांकि, तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे घायल कर दिया। जब मैंने शार्दुल को बचाने की कोशिश की, तो तेंदुए ने मुझ पर फिर से हमला कर दिया। उन कुछ मिनटों में उसने हम पर कई बार हमला किया।”
बीजेपी पार्षद सौरभ जोशी चंडीगढ़ के नए मेयर चुने गए, AAP कैंडीडेट को 7 वोटों से दी मात
अधिकारियों ने क्या कहा?
अधिकारियों ने बताया कि दोनों को बांह और माथे पर चोटें आई हैं। किसान ने बताया कि उन्होंने बरामदे में रखा हंसिया और भाला उठाया और तेंदुए को मारने में कामयाब रहे। घटना की जानकारी मिलने के बाद रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर और उनकी टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर ने कहा, “हमने किसान द्वारा जानवर को मारने के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं। हमने तेंदुए को मारने के लिए किसान के खिलाफ मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।”
