Gujarat Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने में कुछ ही दिन बाकी हैं। इससे पहले ओपिनियन पोल में भाजपा, कांग्रेस और आप को मिलने वाली सीटों का अनुमान सामने आया है। बता दें कि एबीपी- सी वोटर के सर्वे में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। हालांकि यह सर्वे सिर्फ अनुमान पर ही आधारित है। गुजरात की असल तस्वीर चुनाव नतीजों के बाद ही सामने आ सकेगी।
ABP-CVoter Survey का अनुमान:
सी वोटर के सर्वे में गुजरात के दक्षिणी, उत्तरी, मध्य गुजरात से लेकर सौराष्ट्र के अनुमान सामने आए हैं। वहीं मध्य गुजरात को लेकर सर्वे के अनुमान देखें तो मध्य गुजरात में कांग्रेस की झोली में 10 से 14 सीटें आ सकती हैं। वहीं भाजपा के खाते में 46 से 50 सीटें आने का अनुमान है।
भाजपा और कांग्रेस से अलग आम आदमी पार्टी की बात करें तो हाल के दिनों में भले ही पार्टी अपनी पूरी जोर आजमाइश कर रही हो लेकिन सी वोटर के सर्वे में उसे 0 से 1 सीटें मिलती दिख रही हैं।
दक्षिण गुजरात:
दक्षिण गुजरात में भी भाजपा सर्वे के मुताबिक आप और कांग्रेस से आगे नजर आ रही है। सर्वे के नतीजों में बीजेपी के खाते में 27 से 31 सीटें तो कांग्रेस को 3 से 7 मिल सकती हैं। वहीं आप को 0 से 2 सीटें मिलने का अनुमान है। इसके अलावा अन्य के खाते में भी 0-1 सीटें आ सकती हैं।
इतना ही नहीं सर्वे की मानें तो इस बार भाजपा अपना पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ सकती है। सी-वोटर के आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी का गुजरात में वोट प्रतिशत 47 फीसदी है। वहीं कांग्रेस 32 फीसदी तो आप 17 फीसदी पर है। इसके अलावा अन्य का भी वोट शेयर 4 फीसदी है। सर्वे के ताजा आंकड़ें कहते हैं कि गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 135-143 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस 36-44 और आप 0-2 सीटें पर सिमट सकती है। इसके अलावा 0-3 सीटें अन्य की झोली में भी जा सकती है।