ग्रेटर नोएडा के जलपुरा इलाके में रविवार को दीपिका नाम की महिला की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने कहा है कि दहेज के कारण ससुराल वालों ने दीपिका की हत्या की है। दीपिका की शादी सिर्फ डेढ़ साल पहले हुई थी। परिजनों ने यह भी कहा है कि दीपिका के शरीर पर चोट के निशान थे।

परिवार के द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया है कि महिला के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रेटर नोएडा पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

पिता ने की एनकाउंटर की मांग

महिला के पिता संजय का कहना है कि उनकी बेटी दीपिका की शादी 11 दिसंबर, 2024 को जलपुरा गांव के मनोज के बेटे ऋतिक से हुई थी लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद, दहेज के लिए उसे परेशान किया जाने लगा।

पिता ने एएनआई से कहा, ‘कल ही मैं उनके घर गया था और बात की थी। लेकिन मेरे जाने के आधे घंटे बाद ही मुझे मनोज का फोन आया और बताया कि मेरी बेटी दीपिका गिर गई है। मैंने उससे पूछा- क्या वह सीढ़ियों से गिरी? क्या वह बाथरूम में गिरी? उसने जवाब दिया कि वह छत से गिरी है और हम उसे शारदा अस्पताल ले जा रहे हैं।’ जब हम अस्पताल पहुंचे और उसे देखा तो वह मरी हुई मिली। हमने तुरंत पुलिस को बुलाया।’

पिता ने मांग की है कि ऐसे लोगों का एनकाउंटर कर दिया जाना चाहिए।

शरीर पर हैं मारपीट के निशान- विशेष नागर

दीपिका के चाचा विशेष नागर ने एएनआई से कहा, ‘हमने कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा कुछ होगा। कल मेरे बड़े भाई उनके घर गए थे। आधे घंटे बाद जब वे घर लौटे तो उन्हें फोन आया कि वह गिर गई है। मेरे भाई ने पूछा कि वह कहां गिरी है उन्होंने हमें कुछ नहीं बताया; अस्पताल जाकर हमें पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। उसके पूरे शरीर पर मारपीट के निशान हैं; एक गहरा घाव भी है, यह किसी धारदार हथियार, पेंच या इसी तरह की किसी चीज से किया गया है।’

विशेष नागर ने कहा कि दीपिका को पीटने के बाद उन्होंने उसे छत से नीचे फेंक दिया ताकि घटना को एक दुर्घटना दिखाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसके पीछे वजह दहेज है।

50 लाख रुपये और फॉर्च्यूनर कार मांगी

दीपिका के रिश्तेदारों ने कहा, “…हमें पता ही नहीं था कि वे हमारी बेटी की इस तरह हत्या कर देंगे… वे 50 लाख रुपये और एक फॉर्च्यूनर कार मांग रहे थे… उन्होंने दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया… लड़की बार-बार कहती रही कि उसके पिता इतना पैसा नहीं दे पाएंगे। लेकिन उन्होंने उसकी बात नहीं सुनी। हमें न्याय चाहिए; हम चाहते हैं कि उनके घरों को बुलडोजर से गिरा दिया जाए… हमारी विनती है कि हमारी बेटी को न्याय मिले।”

पोस्टमार्टम के बाद दीपिका का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया। 

ट्रेन से महिला की लाश बरामद

लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पर रविवार को छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से एक महिला का शव बरामद किया गया। महिला के शव के टुकड़ों को एक ट्रंक और भारी कार्गो बैग में छिपाकर रखा गया था। जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।