उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विपक्ष के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों से विपक्ष के सांसद और विधायक निर्वाचित हैं, वहां विकास कार्यों की उपेक्षा की जा रही है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश यादव के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे पांडेय ने कहा, ”मुख्यमंत्री अपने दल के विधायकों को विधायक निधि के तहत पांच करोड़ रुपये देते हैं जबकि विपक्ष के विधायकों को केवल एक करोड़ रुपये मिलते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार विपक्ष से इतनी भयभीत है कि विरोध-प्रदर्शन तक नहीं करने देती।
विपक्ष की आवाज को दबाया तो लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो जाएगी- सपा नेता
सपा नेता ने कहा, ”लोकतंत्र में अगर विपक्ष की आवाज को दबाया जाएगा तो लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो जाएगी।” केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर टिप्पणी करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस अवधि में न तो बेरोजगारी कम हुई, न युवाओं को पर्याप्त रोजगार मिला और न ही किसानों की आय दोगुनी हुई। उन्होंने कहा, ”इन 12 वर्षों में किसानों और युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।” साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ चुनिंदा उद्योगपतियों को मिला है।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए माता प्रसाद ने कहा कि इसकी उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। विदेश में हुई एक घटना में भारतीय नागरिकों की मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसे मामलों में भारत को अपने नागरिकों के हितों की मजबूती से रक्षा करनी चाहिए।
यूपी की अर्थव्यवस्था को लेकर क्या बोले सीएम योगी?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि पिछले नौ वर्षों में राज्य सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘डी-3 त्रिवेणी’ दो दिवसीय कार्यशाला में 21 राज्यों से आए इंफ्लुएंसर और सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। इस दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश की जीडीपी लगभग 12 लाख करोड़ रुपये थी, जो मार्च 2026 तक बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें: काफी हद तक जहरीला हो गया है बहुसंख्यक समाज- सपा नेता
समाजवादी पार्टी के सांसद जावेद अली खान ने मुरादाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी द्वारा फैलाए जा रहे जहर को बहुसंख्यक समाज निगलने लगा है, जिससे हिंदू-मुस्लिम के बीच विश्वास में कमी आई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(इनपुट-भाषा)
