उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने बड़ी कार्रवाई की है। गोरखपुर में यूपी एसटीएफ ने एनकाउंटर के दौरान एक लाख रुपये के इनामी बदमाश मुस्तफिजुल रहमान को ढेर कर दिया। एनकाउंटर के दौरान मुख्य आरक्षी महेंद्र सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। एनकाउंटर के बाद पुलिस को मौके से 32 बोर की पिस्तौल, एक बाइक और भारी मात्रा में खोखा और कारतूस बरामद किया है।

सोमवार रात करीब 11 बजे रामनगर करजहा से कुशीनगर लेन के पास एसटीएफ और पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना रहमान से हो गया। जब रहमान ने भागने की कोशिश की तो पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया। बचने के लिए रहमान ने फायरिंग को शुरू कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

रहमान की अस्पताल में हुई मौत

जवाबी कार्रवाई के दौरान मुस्तफिजुल के पैर में गोली लग गई और पुलिस की टीम ने उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद रहमान को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। रहमान के खिलाफ कई राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। 2024 में रहमान महाराष्ट्र पुलिस की हिरासत में था लेकिन फरार होने में कामयाब हो गया था।

एक लाख का इनामी था रहमान

रहमान आजमगढ़ का निवासी है। उसके खिलाफ सबसे पहला मुकदमा वर्ष 2003 में आजमगढ़ के मेहनगर थाने में चोरी का दर्ज किया गया था। इसके बाद 2008 में हत्या के प्रयास के मामले दर्ज किए गए। 2011 में एक और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ, जिसके बाद से वह फरार था। 2012 में रहमान के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज किया गया और इसके बाद उसकी संपत्ति भी कोर्ट के आदेश पर कुर्क कर ली गई थी। 2021 में रहमान पर एक हत्या का आरोप लगा और इसके बाद एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा भी उसके खिलाफ कई अन्य मामले दर्ज थे।

यह भी पढ़ें- यूपी STF की बड़ी कार्रवाई, पैसे लेकर SSC की परीक्षा पास कराने वाले गैंग का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन की परीक्षाओं में धांधली करने वाले एक बड़े गैंग का भंडाफोड़ किया है। आरोप है कि यह गैंग उम्मीदवारों से करीब 4 लाख रुपये लेकर परीक्षा पास कराने की गारंटी देता था। पढ़ें पूरी खबर