गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर कांटे का मुकाबला हुआ। भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी को करीबी मुकाबले में 307 वोटों से जीत मिली। ध्रुव त्रिपाठी को 14887 वोट मिले। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव दूसरे नंबर पर रहे, जिन्हें 14580 वोट हासिल हुए। करीब 32 घंटे तक काउंटिंग हुई। तीसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी रहे, जिन्हें 9503 वोट मिले। नतीजे के बाद निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव ने अधिकारियों पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है।

समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए राजीव यादव ने कहा, “पूरी तरीके से बेईमानी की गई है। तीन राउंड की मतगणना हुई थी, जिसमें 42,000 मत गिने गए थे। उसमें मैं 376 मतों का लीड किया था। चौथे राउंड की मतगणना में, जिसमें केवल 1,612 मत थे, उसमें 970 वोट ध्रुव कुमार त्रिपाठी जी को मिले। उन वोटों का जब परीक्षण करेंगे, तो पाएंगे कि जिन वोटों में उनको 970 वोट मिले हैं, उसमें 4 मुझे दिया गया है, 1 उनके नाम के आगे लिखा गया था।”

‘मेरे 1 नंबर को 4 बनाया गया’

राजीव यादव ने कहा कि सीधी-सीधी सी बात थी कि जो मुझे 1 नंबर की वरीयता मिला था, 1 को 4 बनाया गया। उन्होंने कहा कि ध्रुव त्रिपाठी के नाम के आगे कॉलम खाली था, उसको 1 बनाया गया और बेईमानी करके उनको चुनाव जिताया गया है और निश्चित तौर पर यह ठीक नहीं है।

‘निर्वाचन आयोग की शिकायत करने जा रहा हूं’

राजीव यादव ने आगे कहा, “मैं निर्वाचन आयोग की शिकायत करने जा रहा हूं। माननीय न्यायालय में भी मैं रिट करूंगा कि उन अंतिम दौर की हुई मतगणना जो 1,612 की है, उसकी जांच कराई जाए क्योंकि उसकी जांच कराने पर पता चलेगा कि एक ही हैंडराइटिंग से मेरे 1 को 4 बनाया गया है। ध्रुव कुमार त्रिपाठी जी के नाम के आगे जो कॉलम खाली था, वहां 1 बनाया गया है। यदि फॉरेंसिक जांच हो और उन 1,612 वोटों को अलग से जांच किया जाए, तो उसमें चोरी पकड़ी जाएगी। और केवल उन्हीं चोरी के कारण ही मैं चुनाव हार पाया, नहीं तो शिक्षकों ने तो मुझे चुनाव जिता दिया था।”

यह भी पढ़ें- ‘जिस दिन प्रत्याशी घोषित किया, हम उसी दिन हार गए थे चुनाव’, आगरा शिक्षक MLC सीट के नतीजों पर बोले पूर्व बीजेपी सांसद

आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के डॉक्टर आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। हालांकि उनकी जीत भाजपा के लिए एक झटका है। बीजेपी के पूर्व राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह यादव ने कहा है कि बीजेपी ने ऐसे उम्मीदवार को टिकट दे दिया, जिन्हें शिक्षक समस्याओं का कोई ज्ञान नहीं। पढ़ें पूरी खबर