Delhi-Ghaziabad-Meerut Namo Bharat Corridor: बहुप्रतीक्षित दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन जल्द होने जा रहा है। फिलहाल कुल 82.15 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में से 55 किलोमीटर का हिस्सा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चालू है।
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने घोषणा की है कि बाकी हिस्से का उद्घाटन 22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
NCRTC ने एक बयान में कहा, ”22 फरवरी 2026 को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा न्यू अशोक नगर और सराय काले खां नमो भारत स्टेशन के बीच 5 किलोमीटर के हिस्से और मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किलोमीटर के हिस्से का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही नमो भारत कॉरिडोर का कॉरिडोर पूरा हो जाएगा।”
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर की नींव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 मार्च 2019 को रखी थी। निर्माण शुरू होने के चार सालों के भीतर, 20 अक्टूबर 2023 को उन्होंने कॉरिडोर के भारत के पहले ऑपरेशनल स्ट्रेच का उद्घाटन किया।
इस दौरान साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर लंबे पहले प्रायोरिटी सेक्शन को राष्ट्र को समर्पित किया गया और पहली नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई।
6 मार्च 2024 को मोदी नगर नॉर्थ तक जाने वाला 17 किलोमीटर का एक और अतिरिक्त सेगमेंट खोला गया। इसके बाद 18 अगस्त 2024 को 8 किलोमीटर का एक और हिस्सा चालू हुआ जो मेरठ साउथ तक एक्सटेंडेड था। 5 जनवरी 2025 को पीएम मोदी ने साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच वाला 13 किलोमीटर का अतिरिक्त सेक्शन का उद्घाटन किया।
नमो भारत ट्रेन से दिल्ली-मेरठ का सफर होगा आसान
180 किमी प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड के साथ नमो भारत ट्रेन दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा के समय को एक घंटे से भी कम कर देगी। हालांकि, यह ट्रेन औसतन लगभग 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती है जबकि इसकी अधिकतम परिचालन गति 160 किमी प्रति घंटा है।
यह भी पढ़ें: ‘नमो भारत’ ने भरी रफ्तार, बनी सबसे तेज स्पीड से चलने वाली ट्रेन, जानें वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों की रफ्तार
बाद में जब सेमी-हाई स्पीड ट्रेन ‘वंदे भारत’ शुरू की गई तब यह भी उतनी ही अधिकतम गति से चलती थी। रेल मंत्रालय ने हालांकि 24 जून 2024 को बिना कोई कारण बताए इन ट्रेन की गति 160 से घटाकर 130 किमी प्रति घंटे करने का फैसला किया। वर्तमान में भारतीय रेल नेटवर्क पर सभी ट्रेन 130 किमी प्रति घंटे की ऊपरी गति सीमा के साथ चलती हैं। यानी वंदे भारत और अमृत भारत भी 130 किमी/घंटे की स्पीड से ही चलती है। पढ़ें पूरी खबर…
