विकिपीडिया पर पहले ही गोवा सीएम बन गए प्रमोद सावंत, अभी तक नहीं हुआ है ऐलान
प्रमोद सावंत के बारे में विकिपीडिया पर यह लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बाद सावंत मुख्यमंत्री बनें। हालांकि, जिस वक्त विकिपीडिया पर उन्हेंं मुख्यमंत्री बताया गया, उस वक्त तक औपचारिक ऐलान नहीं हुआ था।

गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री को चुने जाने की गतिविधि तेज हो गई है। लेकिन औपचारिक ऐलान से पहले ही ही विकिपीडिया पर प्रमोद सावंत गोवा के सीएम बन गए! प्रमोद सावंत के बारे में विकिपीडिया पर यह लिखा है कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बाद सावंत मुख्यमंत्री बनें। हालांकि, विकिपीडिया उन्हें गोवा विधानसभा अध्यक्ष भी बता रहा है।
विकिपीडिया में उनकी जिंदगी से जुड़ी अन्य बातें भी लिखी हुई है। लिखा हुआ है कि सावंत सैनक्वेलिम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं और भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं। पेशे से वे आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं। इनका जन्म 24 अप्रैल 1973 को हुआ था। इनकी पत्नी सुलक्षणा रसायन विज्ञान की शिक्षिका हैं और गोवा भाजपा महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं।

इससे पहले सोमवार को गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष माइकल लोबो ने कहा कि राज्य के नए मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा विधायकों प्रमोद सावंत तथा विश्वजीत राणे के नाम चुने गए हैं। सावंत गोवा विधानसभा के अध्यक्ष और राणे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नितिन गडकरी के साथ हुई बैठक लिया। इस बाबत जल्द ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम जल्द ही मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा कर देंगे। हम यह अपने गठबंधन सहयोगियों को विश्वास में लेने के बाद करेंगे।’’
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस के विधायकों ने सोमवार को राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात की और तटीय राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। विपक्ष के नेता चंद्रकांत कावलेकर के नेतृत्व में सभी 14 कांग्रेसी विधायक राज भवन गए और सिन्हा को यह कहते हुए एक पत्र सौंपा कि उनकी विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी है और उन्हें सरकार बनाने की अनुमति दी जानी चाहिए।
कावलेकर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम मुख्यमंत्री के निधन से दुखी हैं लेकिन उनके अंतिम संस्कार से पहले एक नई सरकार बनानी होगी। राज्यपाल ने माना कि कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी है और उन्होंने कहा कि वह हमें जवाब देंगी।’’