Goa Thar Tragedy: नॉर्थ गोवा के अस्सागाओ में अनियंत्रित थार के चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना हैप्पी बार जंक्शन के पास हुई। किराए की महिंद्रा थार SUV ने एक i20 कार को टक्कर मार की। मृतक की पहचान भोपाल के 65 साल के टूरिस्ट के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार को हुई।
कार में था पांच महीने का बच्चा
भोपाल निवासी भगतराम शर्मा, जो परिवार के सदस्यों के साथ हुंडई i20 में यात्रा कर रहे थे, की टक्कर में लगी चोटों के कारण स्पॉट डेथ हो गई। जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गाड़ी में सवार पांच महीने का एक बच्चा भी हादसे में सुरक्षित बच गया।
NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कहा कि किराए पर ली गई महिंद्रा थार ने टक्कर मारी थी। चश्मदीदों ने आरोप लगाया कि थार में सवार लोगों ने टक्कर के तुरंत बाद सीट बदलने की कोशिश की। अब इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में थार में सवार एक पुरुष फोन पर बात करते हुए दिख रहा है। जबकि दुर्घटनाग्रस्त SUV की पिछली सीटों पर तीन महिलाएं दिखाई दे रही हैं।
मुख्य आरोपी को बचाने की कोशिश का आरोप
खबर है कि मौके पर हालात तनावपूर्ण हो गए क्योंकि स्थानीय लोगों ने थार में बैठे लोगों पर ड्राइवर – जो कथित तौर पर एक महिला है – को जिम्मेदारी से बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। फुटेज में यह भी दिख रहा है कि पीड़ितों के कार का एक हिस्सा पूरी तरह से कुचला हुआ है।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने किराए की गाड़ी जब्त कर ली है और लापरवाही से गाड़ी चलाने और मौत का मामला दर्ज किया है। अधिकारी ‘ड्राइवर बदलने’ के आरोपों की जांच कर रहे हैं। अधिकारी जंक्शन से CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि टक्कर के समय थार कौन चला रहा था। गाड़ी अभी भी पुलिस कस्टडी में है।
पीड़ित परिवार के दो घायल सदस्यों का इलाज चल रहा है, जबकि बच्चे को एहतियात के तौर पर मेडिकल निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने कहा है कि जांच में टक्कर के पूरे हालात का पता लगाने के लिए फोरेंसिक सबूत, चश्मदीदों के बयान और वीडियो फुटेज पर विचार किया जाएगा।
