गाजियाबाद में ऑनलाइन गेम्स की लत के चलते तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है और मामले से जुड़े कई नए तथ्य सामने आ रहे हैं।
दैनिक जागरण में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन बच्चियों के पिता चेतन ने एक नहीं, बल्कि चार शादियां की थीं। बताया जा रहा है कि चेतन की एक पत्नी की वर्ष 2015 में संदिग्ध परिस्थितियों में अपार्टमेंट से गिरकर मौत हो गई थी। उस समय पुलिस ने इस मामले को आत्महत्या मानते हुए केस को रफा-दफा कर दिया था। उस समय चेतन अपने परिवार के साथ साहिबाबाद के राजेंद्र नगर में रह रहे थे।
दैनिक जागरण ने उस अपार्टमेंट में कुछ लोगों से बातचीत की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, चेतन वहां तीन महिलाओं, एक दिव्यांग बेटे और दो बेटियों के साथ किराए पर रहता था। बताया गया कि करीब पांच साल तक चेतन और उसका परिवार अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों से लगभग कोई संपर्क नहीं रखता था और न ही ज्यादा बातचीत करता था।
रिपोर्ट के अनुसार, वर्तमान में चेतन की तीन पत्नियां हैं-सुजाता, हिना और टीना। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं आपस में सगी बहनें हैं। सुजाता से चेतन को कोई संतान नहीं हुई, जिसके बाद उसने हिना से शादी की। हिना से उसे चार बच्चे हुए। इसके बाद चेतन ने टीना से भी शादी की, जिससे उसे तीन साल की एक बेटी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन की दो बड़ी बेटियों निशिका और प्राची को करीब छह महीने पहले नए मोबाइल फोन मिले थे। इनमें से एक मोबाइल कुछ दिन पहले ही उनसे छीन लिया गया था, जबकि दूसरा मोबाइल 3 फरवरी को, घटना वाले दिन सुबह, ले लिया गया। मोबाइल छीने जाने के बाद से ही तीनों बहनें काफी नाराज और आहत थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी नाराजगी और मानसिक दबाव के चलते तीनों बहनों ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस अपार्टमेंट में चेतन और उसका परिवार रहता था, वहां के अन्य फ्लैटों में रहने वाले लोग भी उनसे नाराज थे। दरअसल, दिवाली के मौके पर पूरी रात तेज शोर-शराबा और आतिशबाजी की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में भी की गई थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें- केमिकल लोचा या ऑनलाइन गेमिंग का धोखा?
