गाजियाबाद की एक कालोनी में सगे मामा ने शनिवार को मासूम भांजी की बलात्कार के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में फेंककर फरार हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे 80 फुटा रोड पर सड़क किनारे खड़ी कार के नीचे बच्ची का शव बरामद हुआ। उसके गले पर निशान थे, जिससे उसकी गला दबाकर हत्या किए जाना प्रतीत हो रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने ससुराल में विवाद के बाद अपना मोबाइल तोड़ दिया था। उस पर फिलहाल मोबाइल न होने से लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है।
आरोपी मामा की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। एसीपी ने कहा कि जल्द आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। एसीपी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसमें एक युवक बच्ची को कंधे पर लटका कर जाता दिखाई दे रहा था। लगभग 15 सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस उस कालोनी में पहुंची, जहां स्वजन ने शव की शिनाख्त की।
पुलिस जांच में पता चला कि बच्ची का पिता मजदूरी करता है। वह अपने काम पर गया था। घर में ताऊ और अन्य सदस्य रहते हैं लेकिन शनिवार दोपहर घर पर कोई नहीं था। बच्ची घर के दरवाजे पर खड़ी थी। आरोपी मामा दोपहर करीब 12 बजे बच्ची को खिलाने के लिए अपने कमरे पर ले गया।
बच्ची के पिता का आरोप है कि कमरे पर उनकी बेटी के साथ गलत काम कर गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। स्वजन ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की है।
परिजनों ने बताया कि आरोपी मामा उनके घर के पास ही किराए पर रहता है। वह शादीशुदा है और उसके एक बेटा भी है। मासूम की मौत से स्वजन सदमे में हैं। बच्ची के ताऊ ने पुलिस से 24 घंटे में आरोपी का एनकाउंटर करने की मांग की है। एसीपी ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रपट की प्रतीक्षा की जा रही है। इस बीच घटना ने इलाके में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।
यह भी पढ़ें – प्यार से लेकर धर्मांतरण और 17 लाख की वसूली तक, पुलिस कॉन्स्टेबल को दिल्ली की महिला ने कैसे फंसाया?
उत्तर प्रदेश की बागपत पुलिस ने शनिवार को दिल्ली की रहने वाली 30 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया। उस महिला पर आरोप है कि उसने एक पुलिस कॉन्स्टेबल पर इस्लाम अपनाने का दबाव डाला और 2021 में उसके खिलाफ दर्ज कराए गए रेप के मामले में उसके पक्ष में बयान देने के बदले पैसे ऐंठे। 35 साल के पुलिस कॉन्स्टेबल फिलहाल बागपत में तैनात है। पूरी खबर पढ़ें…
