Ghaziabad Breaking News: गाजियाबाद के लोनी को दुनिया का सबसे प्रदूषित स्थान घोषित किया गया है। बढ़ते प्रदूषण के कारण सांस लेने में कठिनाई और क्रानिक आब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि गाजियाबाद में अगले 24 से 48 घंटों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी। पढ़ें गाजियाबाद से जुड़ी 5 बड़ी खबरें
कैसा होगा गाजियाबाद का मौसम
गाजियाबाद में मंगलवार को मौसम ने करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी जिससे गर्मी से राहत बनी रहेगी।
खोड़ा में अवैध बहुमंजिला इमारतों के मालिकों को जारी होगा नोटिस
खोड़ा में मानकों के विपरीत बनी बहुमंजिला इमारतों पर नगरपालिका ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इस महीने नगर पालिका अवैध बहुमंजिला इमारतों के मालिकों को नोटिस देगी। जिसके बाद सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हो सकती है। नगर पालिका की ओर से मानकों के विपरीत बनी बहुमंजिला इमारतों का सर्वे कराया गया जिसमें 5165 बहुमंजिला इमारतें अवैध पायी गईं। ये इमारतें 5 से 6 मंजिल तक बनी हैं। अब नगर पालिका की ओर से इन बहुमंजिला इमारतों के मालिकों को नोटिस जारी होगा। नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने बताया कि खोड़ा में भवन निर्माण के नियम तय न होने से यहां अब तक किसी भी इमारत का नक्शा पास नहीं हुआ है। विकासकर्ता धड़ल्ले से बिल्डर फ्लैट तैयार कर रहे हैं।
गाजियाबाद में बढ़ता प्रदूषण
हाल ही में आईक्यू एयर कंपनी की रिपोर्ट में लोनी को विश्व का सबसे प्रदूषित स्थान घोषित किया गया है। प्रदूषण के चलते जिले में सांस के रोगियों की संख्या में वृद्धि हुई है। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद जिले को एक्यूट रेस्पेरेट्री इंफेक्शन (ART) के लिए चिह्नित किया गया है। बढ़ते प्रदूषण के कारण सांस लेने में कठिनाई और क्रानिक आब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) के मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। इसके कारणों और निवारण के लिए नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पीडब्ल्यूडी और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना बना रहा है। प्रदेश के पांच जिलों में स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली प्रमुख समस्याओं को चिह्नित किया गया है।
राजीवनगर कालोनी में टूटी पेयजल पाइपलाइन, 50 घरों का पानी बंद
राजीवनगर कालोनी में सीवर लाइन के काम के लिए की गई खुदाई के दौरान पेयजल पाइपलाइन टूट गई। इससे पिछले कुछ दिनों से गली नंबर एक में करीब 50 घरों की पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवरलाइन काम के दौरान खोदाई से पेयजल पाइपलाइन टूटी है। कई दिन बीतने के बाद भी मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर परेशान होना पड़ रहा है।
बेहोशी की हालत में पहुंचे 5 मरीज मृत घोषित
गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार को बेहोशी की हालत में पहुंचे पांच मरीजों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक 46 वर्षीय महिला, 55 वर्षीय पुरुष और 65 वर्षीय महिला शामिल हैं। इनमें एक अज्ञात पुरुष भी शामिल है। मौत का कारण सांस और लिवर की गंभीर बीमारी बताया गया है। इसके अतिरिक्त जिला संयुक्त अस्पताल की इमरजेंसी में एक 51 वर्षीय पुरुष को भी सांस की गंभीर बीमारी के चलते मृत घोषित किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह जिला एमएमजी, संयुक्त अस्पताल और डूंडाहेडा अस्पताल में कुल 3898 मरीज पहुंचे जिनमें 526 बच्चे शामिल हैं।
पढ़ें नोएडा की टॉप-5 खबरें
Noida Breaking News: ग्रेटर नोएडा में चिकन एग रोल खाने से एक ही परिवार के चार लोग बीमार पड़ गए। सभी ने जगतफार्म मार्केट में स्ट्रीट फूड स्टाल से चिकन एग रोल खाया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
