Ghaziabad News: गाजियाबाद के प्रताप बिहार में डीपीएस चौराहे से लीलावती पब्लिक स्कूल तक डिवाइडर का सुंदरीकरण कार्य किया जाएगा। वहीं नोएडा फेज 2 क्षेत्र में एक कंपनी के कर्मचारी बड़ी संख्या में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसका असर गाजियाबाद में भी है। वहीं गाजियाबाद की एक कालोनी में मामा ने मासूम भांजी की बलात्कार के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।

चौराहों का होगा सुंदरीकरण

गाजियाबाद के प्रताप बिहार में डीपीएस चौराहे से लीलावती पब्लिक स्कूल तक डिवाइडर का सुंदरीकरण कार्य किया जाएगा। रविवार को गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल और विधायक संजीव शर्मा ने निर्माण कार्य का शुभारंभ भी कर दिया। इसकी कुल लागत 4 करोड़ 70 लाख रुपये आ रही है। इससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी।

गाजियाबाद में प्रदर्शन का असर

उत्तर प्रदेश के नोएडा फेज 2 क्षेत्र में एक कंपनी के कर्मचारी बड़ी संख्या में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग हिंसा पर उतर आए और तोड़फोड़ की। इसका असर गाजियाबाद में भी दिखाई दिया। लाल कुआं से सेक्टर 62 की ओर जाने वाले रास्ते पर भीषण जाम लग गया। गाजियाबाद से दिल्ली आ रहे अनुज सिरोही विजयनगर में जाम में फंस गए। प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक पर असर पड़ा है और गाजियाबाद से नोएडा आने वाले कर्मचारी लेट हो रहे हैं।

बलात्कार के बाद मामा ने की भांजी की हत्या

गाजियाबाद की एक कालोनी में मामा ने मासूम भांजी की बलात्कार के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी शव को शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में फेंककर फरार हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पाक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों को लगाया गया है।शनिवार रात करीब आठ बजे 80 फुटा रोड पर सड़क किनारे खड़ी कार के नीचे बच्ची का शव बरामद हुआ। उसके गले पर निशान थे, जिससे उसकी गला दबाकर हत्या किए जाना प्रतीत हो रहा था।

भूजल बचाने के लिए प्रशासन की पहल

गाजियाबाद में जिला प्रशासन एक सराहनीय काम करने जा रहा है। जिला प्रशासन एक वर्चुअल प्लेटफार्म लेकर आ रहा है, जिसमें कोई भी व्यक्ति अगर वाटर प्लांट लगवाना चाहता है तो उसे अपने छत की पैमाइश करानी होगी और उसे पता चल जाएगा कि इसमें कितना खर्चा आएगा। माना जा रहा है कि इस पहल से गाजियाबाद में वर्षा जल संचयन संयंत्र की संख्या में इजाफा होगा और भूजल बचाने में मदद मिलेगी।

पुलिस कस्टडी से भागे युवक की मौत

गाजियाबाद के मुरादपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां पर पुलिस कस्टडी से भागे युवक की ट्रक से टक्कर के बाद मौत हो गई। निवाड़ी पुलिस युवक को मेडिकल के लिए सीएचसी ले गई थी। इसी दौरान वह पुलिस की पकड़ से छूट गया और भागने लगा। इसके बाद ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।