गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में सत्यापन कार्य तेज करते हुए प्रशासन ने मंगलवार को दो गैर-मान्यता प्राप्त मदरसों को सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या उसके दोस्त असद और उसके साथियों द्वारा किए जाने के बाद की जा रही है।

मामले का मुख्य आरोपी असद पुलिस के साथ एक मुठभेड़ में मारा जा चुका है। इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। कई दुकानें मंगलवार को बंद रहीं, जिनमें दोनों समुदायों के सदस्यों द्वारा संचालित प्रतिष्ठान भी शामिल थे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

इस बीच, जिला प्रशासन और पुलिस ने खोड़ा में तीन दिवसीय आपरेशन क्लीन स्वीप शुरू किया, जिसके तहत किरायेदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, अनाधिकृत संपत्तियों और संदिग्ध आपराधिक तत्वों का सत्यापन किया जा रहा है। अब तक 1600 से अधिक संदिग्धों का सत्यापन किया है और पुराने अपराधियों की थानों में हाजिरी सुनिश्चित कराई जा रही है।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि इलाके में संचालित दो मदरसों स्मानिया अरनिया पासीमूल उलूक और सुल्तान अलारफीन को सील कर दिया गया है, क्योंकि उनका संचालन बिना किसी मान्यता के किया जा रहा था।

रविंद्र कुमार कुमार ने कहा कि सत्यापन अभियान के दौरान दो ऐसे मदरसों की पहचान की गई, जो मदरसा बोर्ड या अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पंजीकरण कराए बिना ही चलाए जा रहे थे। जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की संयुक्त टीम ने मिलकर यह कार्रवाई की है।

सूर्या की मां को मिली नौकरी

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। प्रशासन की ओर से सूर्या की मां को खोड़ा नगर पालिका में आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई सुपरवाइजर के पद पर नियुक्ति पत्र सौंपा गया है।

आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की तैयारी

एसडीएम कोर्ट की तरफ से असद के घर पर एक बेदखली नोटिस चस्पा किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी का मकान अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन पर बना है। असद के पिता नवाब को मामले में अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।

यह भी पढ़ें: योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद हुए 17 हजार से अधिक एनकाउंटर

उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद 17 हजार से अधिक एनकाउंटर हुए हैं। यह आंकड़ा उत्तर प्रदेश सरकार ने जारी किए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें