‘यूट्यूबर’ सलीम अहमद उर्फ ​​सलीम वास्तिक पर हुए हमले का दूसरा आरोपी भी मंगलवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “गाजियाबाद पुलिस ने लोनी थानाक्षेत्र में सलीम वास्तिक उर्फ वास्तविक पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उपचार के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।”

पोस्ट में कहा गया है कि अभियुक्त के कब्जे से दो अवैध हथियार व दिल्ली से चोरी किया गया दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।

इससे पहले, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने लखनऊ में एक बयान में कहा कि 27 फरवरी को गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में जान से मारने की नीयत से सलीम पर हमला करने का दूसरा आरोपी एक लाख रुपये का इनामी बदमाश गुलफाम मुठभेड़ में घायल हो गया। उन्होंने बताया कि उसे अस्पताल भेजा गया है।

27 फरवरी को सलीम वास्तविक पर हुआ था हमला

पुलिस ने बताया कि खुद को ‘पूर्व मुस्लिम’ बताने वाले सलीम पर 27 फरवरी को लोनी के अली गार्डन इलाके में उसके कार्यालय में हेलमेट पहन कर आए दो मोटरसाइकिल सवारों ने हमला किया था।

पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने सलीम की गर्दन, पेट और कान पर धारदार हथियार से वार किए थे, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पहले लोनी के एक अस्पताल ले जाया गया, फिर दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल भेज दिया गया।

सूत्रों ने बताया कि सलीम के बेटे उस्मान की शिकायत पर सात नामजद लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले में एक आरोपी जीशान एक मार्च को पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया था। उसपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

यह भी पढ़ें: ‘दिनदहाड़े न्यायिक हत्या’, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सिविल जज के खिलाफ कार्रवाई का दिया आदेश

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गाजियाबाद की एक सिविल अदालत के जज के खिलाफ सख्त टिप्पणी करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है। यह मामला एक संपत्ति विवाद से जुड़ा था, जिसमें निचली अदालत ने एक किरायेदार को उस संपत्ति पर कब्जा और मालिकाना हक दे दिया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।