Ghaziabad News: मोदीनगर की राधाकुंज कॉलोनी में एक रिटायर्ड फौजी के घर से 42 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की यह कार्रवाई पत्नी की शिकायत के बाद की गई है। पुलिस ने आरोपी पूर्व सैनिक पर केस दर्ज कर लिया है और तलाशी के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया है।
राधाकुंज कॉलोनी के रहने वाले आदेश कुमार अपनी पत्नी कविता और बच्चों के साथ रहते हैं। वह साल 2009 में आर्मी से रिटायर हो गए थे। इसके बाद करीब चार साल तक डिफेंस सिक्योरिटी कोर में भी सर्विस दी। पति और पत्नी के बीच काफी वक्त से विवाद चल रहा था। पिछले साल 14 नंवबर को आदेश कुमार बिना किसी को बताए घर से चले गए और फिर वापस नहीं आए। वह अपनी बहन के घर पर मेरठ में रह रहे थे।
5 फरवरी को कविता ने अपने पति आदेश का बॉक्स चेक किया। फिर इसमें कविता को सरकारी इस्तेमाल में लाया जाने वाला विस्फोटक जखीरा अवैध तरीके से रखा हुआ मिला। कविता ने सबसे पहले इसकी जानकारी सैनिक बोर्ड गाजियाबाद और जाट रेजिमेंट सेंटर बरेली को दी। फिर जाट रेजिमेंट ने इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस से करने को कहा।
पुलिस ने की थी छापेमारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व सैनिक को के घर पर शनिवार रात को छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7.62 एमएम के 35 कारतूस, 9 एमएम के पांच कारतूस और 12 एमएम के दो कारतूस बरामद किए। इसके अलावा, 5.56 एमएम के कारतूस का एक खोखा भी मिला है। सभी कारतूस पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला ने आदेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने ये कारतूस नौकरी के दौरान चोरी कर लिए थे। इस मामले में महिला ने मोदीनगर थाने में तहरीर दी है। मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि मामले की तफ्तीश की जा रही है और जांच के बाद ही कुछ कहा जाएगा। आरोपी की तलाश में तीन टीमों का गठन किया गया है।
ये भी पढे़ं: गाजियाबाद सुसाइड केस: पिता चेतन ने की थी चार शादियां, एक पत्नी की 2015 में हुई मौत
