गाजियाबाद के कौशांबी स्थित पैसिफिक मॉल में भीषण आग लग गई है। यह आग सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में लगी है। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंच चुकी हैं। इस समय हर संभव प्रयास के साथ आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।
सोशल मीडिया पर आग का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें पैसिफिक मॉल की ऊपरी मंजिल से धुएं का गुबार निकलता दिखाई दे रहा है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पिछले दिनों गाजियाबाद के कविनगर में भी एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई थी। विवेकानंद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मेगा पेंट फैक्ट्री में लगी इस आग के दौरान कई कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर मौजूद थे जिन्हें आनन-फानन में बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे का संज्ञान लिया था और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए थे। हालांकि, उस घटना में भी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था।
कुछ दिन पहले इंदिरापुरम की गौर एवेन्यू बिल्डिंग में भी भीषण आग लगी थी। आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची थीं। जिस समय आग लगी, उस दौरान कई परिवार अपने अपार्टमेंट में फंसे हुए थे जिन्हें काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया गया था।
ये भी पढ़ें- ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग
