गाजियाबाद में कुछ दिन पहले तीन सगी बहनों ने एक बिल्डिंग से कूद कर जान दे दी थी। वहीं अब तीनों बहनों के पिता चेतन कुमार ने इस मामले पर और जानकारी दी है। घटना के बारे में बात करते हुए चेतन कुमार ने कहा कि वह तीनों बच्चों से बहुत प्यार करते थे और उन्हें इस घटना के बारे में तब पता चला जब उनकी पत्नी ने देखा कि तीनों लड़कियों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। तीनों लड़कियां (16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी) कथित तौर पर खिड़की से एक के बाद एक कूदने से पहले खुद को कमरे में बंद कर लिया था।

मैं अपने बच्चों को बहुत लाड़-प्यार करता था- चेतन कुमार

चेतन कुमार ने समाचार एजेंसी PTI से बात करते हुए कहा, “मैं अपने बच्चों को बहुत लाड़-प्यार करता था। वे कोरियन ड्रामा, कोरियन गेम्स और कोरियन रील्स देखते थे। उनकी आंखें सूजी हुई थीं, इसलिए मैंने उनके फोन छीन लिए थे। वे इस बात से नाराज़ थे। क्या अपने बच्चे का फोन छीनना पाप है? मैंने उनके फोन इसलिए छीने क्योंकि उनकी आंखें सूज गई थीं।”

डिजिटल सबूतों की हो रही जांच

पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी का कोई संकेत नहीं मिला है और शुरुआती जांच से पता चलता है कि लड़कियां एक के बाद एक कूदीं। अधिकारियों ने बताया कि पिता के ऑनलाइन गेमिंग की लत के दावों के साथ-साथ पारिवारिक परिस्थितियों और डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं और साइबर क्राइम टीमें IMEI नंबरों का इस्तेमाल करके मोबाइल फोन को ट्रैक करने और कोरियन ऐप्स से डेटा निकालने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि सामने आया है कि चेतन कुमार की तीन पत्नियां हैं, जिनका नाम सुजाता, हीना और टीना है, जो सगी बहनें हैं। PTI के अनुसार सबसे बड़ी लड़की सुजाता की बेटी थी, जबकि दो छोटी बहनें हीना की बेटियां थीं।

गाजियाबाद सुसाइड केस: पिता चेतन ने की थी चार शादियां, एक पत्नी की 2015 में हुई मौत

आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार

अधिकारियों ने बताया कि कोविड-19 महामारी के बाद से परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिससे उनका अकेलापन और बढ़ गया था। पुलिस ने यह भी पाया कि बहनें अपनी मांओं की तुलना में अपने पिता से ज़्यादा भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थीं। यही वजह है कि उनके कमरे से बरामद सुसाइड नोट और डायरी में सिर्फ़ उन्हीं का ज़िक्र था। घटनास्थल से मिली 9 पन्नों की पॉकेट डायरी से कोरियन संस्कृति के प्रति गहरी लगाव, अकेलापन और घर में तनाव का पता चलता है।

गेम को बैन कर दिया जाए- लड़कियों के नाना

इस बीच लड़कियों के नाना ने सरकार से कोरियन टास्क-बेस्ड गेम्स पर प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐप्स बच्चों को ऐसे कदम उठाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। इसके बाद दिल्ली के कुछ हिस्सों में नाबालिगों के लिए ऑनलाइन गेमिंग पर सख्त कंट्रोल की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। PTI के अनुसार उन्होंने कहा, “मैं सरकार के सामने हाथ जोड़कर रिक्वेस्ट करता हूं कि गेम को बैन कर दिया जाए, ताकि ऐसी और मौतें या आत्महत्याएं न हों।” पढ़ें डॉक्टरों ने बताया क्यों कर रहे बच्चे सुसाइड