दिल्ली से सटे गाजियाबाद के मोदीनगर में एक कलयुगी बेटे ने अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। इस हत्या की वजह पिता का बेटे से सवाल-जवाब करना और प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा विवाद बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, 32 साल के बेटे ने अपने 55 साल के पिता पर तीन राउंड फायर किए जिसमें पिता की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी फरार है।
पिता का बेटे से चल रहा था पुराना विवाद
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बुडाना गांव के रहने वाले हरिओम एक किसान थे। उनका उनके बड़े बेटे निखिल से जमीन-जायदाद को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना वाली रात निखिल बाहर से शराब पीकर आया था। घर लौटने के बाद हरिओम ने निखिल से पूछा कि वह शराब पीकर घर क्यों आया है? इसी को लेकर दोनों में बहस हो गई और देखते ही देखते वह बहस प्रॉपर्टी विवाद पर पहुंच गई। इसके बाद तो निखिल ने हरिओम पर तीन राउंड फायर कर दिए।
मृतक हरिओम की पत्नी ने अपनी शिकायत में बताया है कि उनके पति और उनके बड़े बेटे निखिल के बीच पहले से ही जमीन का झगड़ा चल रहा था। मृतक की पत्नी के मुताबिक, बुधवार रात निखिल रात करीब 11 बजे घर आया। जब हरिओम रात के खाने के बाद अपने बिस्तर पर आराम कर रहे थे तो उन्होंने निखिल को नशे में देखा और उससे पूछ लिया कि वह शराब पीकर क्यों आया है? बाद में दोनों की बहस प्रॉपर्टी के झगड़े में बदल गई और मेरे बेटे ने गुस्से में मेरे पति को मारने के इरादे से उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
अस्पताल ले जाने से पहले ही हो गई थी हरिओम की मौत
फायरिंग की आवाज सुनकर घर में मौजूद अन्य सदस्य तुरंत वहां पहुंचे। आस पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने हरिओम को जमीन पर पड़े हुए देखा। सभी लोग हरिओम को नजदीकी अस्पताल लेकर गए। हरिओम को सिर और पेट में गोली लगी। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पिता को गोली मारने वाला कलयुगी बेटा मौके भाग निकला।
हरिओम के रिश्तेदार ने बताया प्रॉपर्टी का विवाद
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक के रिश्तेदार ने बताया है कि हरिओम के पास 75 बीघा जमीन थी, जिसका कुछ हिस्सा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के पास है। मोदीनगर मार्केट में उनकी तीन दुकानें भी थीं। कुल मिलाकर इन संपत्तियों की कीमत 150 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले हरिओम ने इन प्रॉपर्टीज को तीन हिस्सों में बांट दिया था — एक निखिल के लिए, एक निशु के लिए और तीसरा अपने और अपनी पत्नी के लिए।
निखिल इसी बात से नाराज था। हालांकि इस बंटवारे का कोई लीगल डॉक्यूमेंटेशन नहीं हुआ था। निखिल चाहता था कि उसके हिस्से के पेपर्स जल्दी फाइनल हो जाएं, लेकिन हरिओम ने कहा कि वह निखिल की शादी से पहले ऐसा नहीं करेगा। निखिल ने शराब पीना शुरू कर दिया था और उसके दोस्तों का सर्कल भी खराब था इसीलिए प्रॉपर्टी ट्रांसफर के डॉक्यूमेंट्स कभी पूरे नहीं हुए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी निखिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत FIR दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं।
यह भी पढ़ें- कन्नौज में खाली क्लास देख स्कूल टीचर करने लगे रोमांस, दोनों हुए निलंबित
एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में तैनात दो सहायक शिक्षकों को कक्षा में अंतरंग हरकत करते हुए दिखाने वाला एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद निलंबित कर दिया गया है। और अधिक पढ़ें…
