Richa Dubey: साल 2020 में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए गैंगस्टर विकास दुबे (Gangster Vikas Dubey) की पत्नी ऋचा दुबे (Richa Dubey) ने अपने लखनऊ स्थित घर में चोरी का आरोप लगाया है। यह घर फिलहाल गैंगस्टर एक्ट के तहत सील है। उन्होंने कहा कि उनके घर में दो बार चोरी हुई है। हालांकि, पुलिस ने इन दावों का खंडन किया है।
16 और 22 जनवरी को 2 बार हुई चोरी
ऋचा ने आरोप लगाया कि 16 और 22 जनवरी को उनके घर में चोरी हुई थी लेकिन जब पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया तो उन्होंने चोरी के दावों का खंडन कर दिया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को उन्हें घर के बाहर फर्नीचर और टेलीविजन सेट मिला था। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसके पीछे पुलिस और प्रशासन का हाथ है।
गैंगस्टर एक्ट में सील है घर
जुलाई 2022 में विकास दुबे का लखनऊ के कृष्णानगर का मकान गैंगस्टर एक्ट में सील कर दिया गया था। विकास की पत्नी ऋचा दुबे ने अपने घर में चोरी की पुलिस में शिकायत की है। प्रशासन को दी गई अपनी शिकायत में उन्होंने कहा, “मुझे घर में चोरी की सूचना मिली है, घर में आभूषण समेत कई जरूरी सामान चोरी हैं। क्या चोरी हुआ है… इसकी जानकारी नहीं दे सकती हूं क्योंकि मकान सील है, लेकिन अगर चोरी हुई है, तो सामान बरामद किया जाए, पड़ोसियों ने चोरी की सूचना पुलिस को दी थी।”
बता दें कि विकास दुबे बिकरू कांड का मुख्य आरोपी था। विकास दुबे 10 जुलाई को एक मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस के मुताबिक, उसे उज्जैन से कानपुर ले जा रही पुलिस की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और उसने भागने की कोशिश की थी, तभी उसको गोली मार दी गई थी।
साल 2020 में 2 जुलाई को बिकरू गांव में गैंगस्टर विकास दुबे और उसके साथियों ने सीओ बिल्हौर देवेंद्र मिश्र और एसओ समेत 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। इस घटना के 7 दिन बाद विकास दुबे ने मध्य प्रदेश में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद उसे उज्जैन से कानपुर लाया जा रहा था। इसी दौरान विकास दुबे ने भागने का प्रयास किया था। तब एसटीएफ ने विकास दुबे को मार गिराया था।