मंगलवार देर रात को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) के पास गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कानूनी टीम से जुड़े एक वकील की कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि वह इस मामले की जांच कर रही है। यह घटना रात करीब 10:30 बजे हुई।

एक वरिष्ठ पुलिस अफसर ने बताया कि कई टीमें घटनास्थल पर भेजी गई हैं और इस बारे में पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

रणवीर सिंह, रोहित शेट्टी को दी थी धमकी 

लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से जुड़े हैरी बॉक्सर ने हाल ही में अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी को धमकी दी थी। धमकी में कहा गया था कि यदि वे उसकी मांगों को पूरा नहीं करेंगे तो उनके पूरे स्टाफ को मार दिया जाएगा। इसके अलावा अभिनेत्री हिमांशी खुराना को भी लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह की ओर से धमकी दी गई थी। हिमांशी खुराना से 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। 

लॉरेंस बिश्नोई का नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रचने के मामले में सामने आया था। बिश्नोई पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को धमकी देने का भी आरोप है। एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में भी बिश्नोई गिरोह के बदमाशों का नाम सामने आया था। बिश्नोई जेल में बंद है।

लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के पांच गुर्गे गिरफ्तार

कुछ दिन पहले दिल्ली के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में 35 वर्षीय व्यापारी की हत्या हुई थी। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। क्लिक कर पढ़िए पूरी खबर।