गुजरात के गांधीनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नौकरी छूटने और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे 42 साल के व्यक्ति ने कथित तौर पर जहरीला कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान पंकज भंसाली के रूप में हुई है, जो गांधीनगर के कुडासन क्षेत्र स्थित पूनम रेजिडेंसी में रहते थे।

बताया जा रहा है कि पंकज भंसाली की करीब पांच महीने पहले इन्फोसिटी स्थित एक शेयर बाजार से जुड़ी कंपनी में नौकरी चली गई थी। इसके बाद से वह आर्थिक तंगी, कर्ज और मानसिक तनाव से जूझ रहे थे।

दरवाजे पर छोड़ा चेतावनी भरा नोट

आत्महत्या करने से पहले पंकज ने अपने फ्लैट के दरवाजे पर एक हैंडरिटेन नोट चिपकाया था, जिसमें परिवार के सदस्यों को अंदर न आने की चेतावनी दी गई थी। अंग्रेजी में लिखे इस नोट में लिखा था, “सल्फास, जहरीली गैस, मास्क पहनें, पानी का इस्तेमाल न करें”।

नोट में उन्होंने अपने परिवार, खासकर अपनी बेटी मानवी को जहरीली गैसों से दूर रहने और सुरक्षित रहने की सलाह दी थी। सल्फास एक अत्यंत जहरीला कीटनाशक है, जिसका सेवन जानलेवा हो सकता है। इस नोट ने परिवार, पड़ोसियों और पुलिस को झकझोर कर रख दिया है, क्योंकि अंतिम क्षणों में भी पंकज अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखाई दिए।

पांच दिन तक फ्लैट में पड़ा रहा शव

पुलिस के अनुसार, पंकज की पत्नी और बेटी 13 मई को मायके चली गई थीं। पति-पत्नी के बीच आखिरी बार 22 मई को बातचीत हुई थी। मामले की जांच कर रही पुलिस का मानना है कि घटना 22 मई के आसपास हुई होगी।

जब कई दिनों तक पंकज का फोन बंद रहा तो परिजन 27 मई को उनकी तलाश में फ्लैट पहुंचे। वहां दरवाजे पर लगा चेतावनी नोट देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फ्लैट का दरवाजा खोलने पर पंकज का शव अंदर मिला, जो करीब पांच दिनों तक बंद कमरे में पड़े रहने के कारण काफी हद तक सड़ चुका था।

इन्फोसिटी पुलिस ने घटनास्थल से जहरीले कीटनाशक के पैकेट बरामद किए हैं और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आर्थिक दबाव और अन्य किन परिस्थितियों ने पंकज को इतना बड़ा कदम उठाने के लिए मजबूर किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जाएगी।

डिस्क्लेमर: मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर विषय है। अगर आप या आपका कोई परिचित किसी भी प्रकार के मानसिक तनाव, अवसाद (डिप्रेशन) या संकट से गुजर रहा है, तो कृपया अकेले न रहें। मदद हमेशा उपलब्ध है। आप नीचे दिए गए सरकारी और प्रमाणित हेल्पलाइन नंबरों पर विशेषज्ञों से बात कर सकते हैं:

  • किरण (Kiran) – केंद्र सरकार की राष्ट्रीय हेल्पलाइन: 1800-599-0019 (24 घंटे उपलब्ध, निःशुल्क)
  • टेली-मानस (Tele-MANAS) – सरकारी मानसिक स्वास्थ्य सेवा: 14416 या 1800-891-4416 (24 घंटे उपलब्ध)
  • वंद्रेवाला फाउंडेशन (Vandrevala Foundation): +91 9999 666 555 (24 घंटे उपलब्ध)
  • आसरा (AASRA): +91-9820466726

ये सभी सेवाएं पूरी तरह से गोपनीय और सुरक्षित हैं। घबराएं नहीं, मदद मांगें।