महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक हॉस्टल में जहरीले सांप के काटने से 3 आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई जबकि तीन अन्य छात्राओं का इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जिले के प्रशासन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार आधी रात के आसपास जप्तलाई गांव में आदिवासी हॉस्टल विद्यालय में हुई। ये जगह धनोरा तालुका मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर है।

अधिकारी ने बताया कि हॉस्टल में छात्राएं नीचे फर्श पर सो रही थीं, तभी जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। जिन छात्राओं की मौत हुई उनकी उम्र 8, 12 और 14 साल थी और जिन का इलाज चल रहा है, वो 11 से 14 आयु वर्ग की हैं।

घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी- जिला कलेक्टर

गढ़चिरौली के जिला कलेक्टर अविश्यंत पांडा ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांंच में पता लगाया जाएगा कि घटना का सच क्या है, छात्राओं के रहने की जगह पर सुरक्षा के कितने इंतजाम थे और क्या स्कूल प्रबंधन ने सुरक्षा से जुड़े जरूरी नियमों और सावधानियों का पालन किया था।

छात्राओं की मौत पर दुख जताते हुए अविश्यंत पांडा ने कहा कि वो स्कूल व्यवस्थाओं की भी जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि सांप के काटने से जिन तीन छात्राओं का इलाज चल रहा है, उन्हें फिलहाल एंटी-वेनम दवा दी गई और मेडिकल टीमें लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही हैं।

‘इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए’

जिला कलेक्टर ने जिला सर्जन को आदेश दिया है कि इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए और अस्पताल में भर्ती छात्राओं को विशेष देखभाल उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी विकास विभाग की टीमें भी घटनास्थल का निरीक्षण करेंगी और घटना से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटाएंगी।

अविश्यंत पांडा ने कहा कि अगर जांच में किसी तरह की लापरवाही या सुरक्षा संबंधी चूक सामने आती है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी और जिनकी गलतियां सामने आएगी वो दोषियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

आशीष जायसवाल बोले- रिपोर्ट आने पर लेंगे एक्शन

गढ़चिरौली के प्रभारी मंत्री आशीष जायसवाल ने भी घटना पर दुख जताया और मृत छात्राओं के परिवार वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। आशीष जायसवाल ने कहा कि उन्होंने प्रशासन को इलाज करा रही छात्राओं के लिए सभी आवश्यक मेडिकल सुविधाएं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि आदिवासी विकास विभाग की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद घटना की जिम्मेदारी तय की जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: भारत में पाए जाने वाले 5 सबसे जहरीले सांप, बरसात में इस तरह करें बचाव

(यह खबर जनसत्ता के साथ इंटर्नशिप कर रही कल्याणी चौधरी ने लिखी है)