गाय सिर्फ एक जानवर, उसे माता कहने वालों के दिमाग में भरा है गोबर : पूर्व जस्टिस काटजू
पूर्व जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिस पर विवाद हो सकता है। उनका कहना है कि गाय एक जानवर है।

पूर्व जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिस पर विवाद हो सकता है। उनका कहना है कि गाय एक जानवर है। उसे माता कहने वालों के दिमाग में गोबर भरा हुआ है। काटजू ने यह बयान देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में दिया। इस दौरान उन्होंने राम को भगवान मानने से भी साफ इनकार कर दिया।
यह कहा काटजू ने : पूर्व जस्टिस और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) के चेयरमैन मार्कंडेय काटजू ने कहा, ‘‘राम भगवान नहीं, बल्कि एक साधारण व्यक्ति थे। गाय भी घोड़े और कुत्ते की तरह एक जानवर ही है। ऐसे में जो लोग गाय को माता कहते हैं, उनके दिमाग में गोबर भरा हुआ है।’’
नेताओं पर भी साधा निशाना : काटजू ने देश के नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि संसद में अपराधियों का बोलबाला है। काटजू बोले, ‘‘लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में राजनीतिक दल गोमाता वाले मुद्दे को भुनाने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव में वोट बटोरने के लिए पॉलिटिक्स की जा रही है। असल में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह किया जा रहा है।’’
बेरोजगारी का मुद्दा भी उठाया : पूर्व जस्टिस काटजू ने कहा, ‘‘देश में लाखों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। नौकरियों की मारामारी है। लोग भूख से मर रहे हैं और हम राम मंदिर का मुद्दा लेकर बैठे हैं।’’ बता दें काटजू पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं। वहीं, कश्मीर में सुरक्षा बलों की फायरिंग में 7 कश्मीरी नागरिकों की मौत के मामले में भी उन्होंने तीखी टिप्पणी की थी।