Dharmendra Kashyap BJP: उत्तर प्रदेश में बीजेपी के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप का पार्टी छोड़कर जाना लगभग तय माना जा रहा है। इससे पहले उन्होंने इंटरनेट पर ‘टाटा बाय-बाय’ लिखा था। इसके बाद से ही यह माना जा रहा था कि वह पार्टी छोड़ सकते हैं।
ऐसी चर्चा है कि धर्मेंद्र कश्यप राज्यसभा चुनाव में टिकट चाहते थे लेकिन पार्टी के उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम नहीं था। धर्मेंद्र कश्यप दो बार आंवला लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। कश्यप समाज के बड़े चेहरे धर्मेंद्र कश्यप के अगले कदम को लेकर तमाम राजनीतिक चर्चाएं हैं।
स्थानीय मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि जिन लोगों ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उनका विरोध किया, उन्हें हराने का काम किया उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया। उन्होंने इस बात के संकेत दिए हैं कि वह समाजवादी पार्टी में जा सकते हैं।
बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए बरेली से आने वाले कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को टिकट दिया है। धर्मेंद्र कश्यप को 2024 के लोकसभा चुनाव में मामूली अंतर से हार मिली थी। कहा जा रहा है कि वह पार्टी में हो रही उपेक्षा से आहत थे।
कश्यप ने कहा कि वह अपने समर्थकों की बैठक बुला रहे हैं, उनकी राय के आधार पर ही वह आगे का फैसला लेंगे।
कौन हैं धर्मेंद्र कश्यप?
कश्यप अगर समाजवादी पार्टी में जाते हैं तो इससे सपा को रुहेलखंड क्षेत्र में मदद मिल सकती है। कश्यप ने अपना राजनीतिक सफर क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर शुरू किया था।
कश्यप बसपा में भी रहे और समाजवादी पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। 2014 में वह भाजपा में शामिल हुए और पहली बार बीजेपी के टिकट पर ही सांसद बने थे। 2019 में उन्होंने फिर से जीत हासिल की थी लेकिन 2024 में नजदीकी मुकाबले में उन्हें हार मिली थी।
यह भी पढ़ें- ‘रोज का ड्रामा बंद करो और मोदी से सीखो…’
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक के सभी दलों के सांसदों के विरोध प्रदर्शन को बीजेपी ने ‘ड्रामा’ करार दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
