दिल्ली के मालवीय नगर में स्थित जिस होटल में आग लगी थी, उसके मालिक लवकेश बजाज को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था और उन्हें ढूंढने के लिए एक तलाशी अभियान शुरू किया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली सरकार की ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ नीति के तहत होटल को केवल छह कमरों की अनुमति थी लेकिन यहां 25 कमरे का इस्तेमाल किया जा रहा था।
इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक रेस्तरां था, जबकि बेसमेंट और ऊपरी मंजिलों का उपयोग होटल के रूप में किया जा रहा था।
मरने वालों में 12 विदेशी नागरिक भी
मालवीय नगर के हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बी एंड बी’ में सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी। बिना एनओसी के चल रहे इस होटल में बुधवार को भीषण आग लग गई थी, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें 12 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों सहित बचावकर्मियों ने पांच मंजिला इमारत में फंसे लोगों को निकाला था। घटना के समय होटल में कई लोग सो रहे थे। मरने वालों में अधितकर मध्य एशियाई और अफ्रीकी देशों के हैं। उनके परिजनों का इलाज यहां से चंद दूरी पर स्थित मैक्स अस्पताल में चल रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि छह-सात साल पहले तक इमारत में केवल ग्राउंड फ्लोर के अलावा एक और मंजिल थी। बाद में अधिकारियों को बताए बिना अतिरिक्त मंजिलें बना दी गईं। इसके अलावा, इमारत का पूरा नक्शा भी जमा नहीं किया गया था।
दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या की धारा और अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
मालवीय नगर अग्निकांड का जिम्मेदार आखिर कौन?
मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक बार फिर इस घटना ने राजधानी दिल्ली के लचर नागरिक प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों की पोल एक बार फिर खोल दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
