फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर गोलीबारी के मामले मे पुणे में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में इनके लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के गुर्गे और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में आरोपी शुभम लोनकर से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

पुणे पुलिस के डीसीपी (जोन-3) संभाजी कदम ने बताया कि पांचों आरोपियों को वारजे मालवाड़ी थाने के पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लिया है।

हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान करवे नगर के निवासी अमन मारोटे (27) व आदित्य गायकी (19) और धायरी के रहने वाले सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) और स्वप्निल सकट (23) के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश बोलकोटगी ने बताया कि आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।

घर पर हुई फायरिंग के बाद रोहित शेट्टी ने टाल दिए सभी प्लान

सोशल मीडिया पोस्ट में किया दावा

पुलिस के एक अफसर ने बताया है कि गोलीबारी के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरी पोस्ट सामने आई जिसमें दावा किया गया कि इस हमले के पीछे शुभम लोनकर का हाथ था। पोस्ट में बिश्नोई गिरोह के सदस्यों हरि बॉक्सर और हरमन संधू के नाम भी शामिल थे। पोस्ट में लिखा था, “हमने उसे कई बार मैसेज भेजकर हमारे काम में दखल न देने को कहा लेकिन उसने हमारी बात नहीं मानी।”

पोस्ट में कहा गया था, “यह तो सिर्फ एक ट्रेलर है। अगर वह (रोहित शेट्टी) बात नहीं मानता, तो अगली गोलियां उसके घर के बाहर नहीं, बल्कि बेडरूम के अंदर चलेंगी।”

बदमाशों ने पांच गोलियां चलाई

पुलिस अफसरों के अनुसार, जूहू इलाके में स्थित नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर शनिवार रात करीब 12:45 बजे कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं। एक गोली इमारत में स्थित जिम के शीशे में लगी। घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। गोलीबारी के बाद शेट्टी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जूहू पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की थी। पुलिस ने इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की। फॉरेंसिक विज्ञान और बैलिस्टिक विशेषज्ञों की टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने शुरू की जांच