प्रयागराज स्थित यमुना नगर के करछना में बुधवार शाम पचदेवरा ओवरब्रिज के पास ट्रेन से कटकर पांच लोगों की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि शाम को कालका एक्सप्रेस से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जिसकी वजह से ट्रेन रुक गई थी।
घटना के बाद कुछ यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए।
वर्मा ने कहा, ”तभी दूसरे ट्रैक पर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। अभी तक तीन व्यक्तियों की पहचान हुई है।”
घटना के बारे में पता चलते ही अफरातफरी मच गई। पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी जुटाई।
सहायक पुलिस आयुक्त (करछना) सुनील कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के सिवान निवासी बलिराम (36), उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के निवासी सुनील कुमार (24) और फिरोजाबाद के निवासी आकाश (17) के रूप में हुई है।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि अन्य दो मृतकों की पहचान की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है।
