उत्तराखंड पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और विपक्ष के अन्य 29 नेताओं के खिलाफ राजधानी देहरादून में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर एफआईआर दर्ज की है। विपक्ष ने यह विरोध प्रदर्शन भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी रहे दुष्यंत कुमार गौतम की सिक्किम के राज्यपाल बनाए जाने के विरोध में किया था। दुष्यंत गौतम पर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े होने का आरोप लगाया गया था।

एफआईआर में हरीश रावत के अलावा, एफआईआर में उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और सीनियर नेता प्रीतम सिंह का नाम भी शामिल हैं। इसमें 10 से 15 अज्ञात लोगों का भी जिक्र किया गया है।

दुष्यंत गौतम की नियुक्ति के विरोध में निकाला था मार्च

एफआईआर के मुताबिक, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति के विरोध में कैंडल मार्च निकालने और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजपुर स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर जमा हुए थे।

शिकायत में कहा गया कि पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि प्रदर्शनकारी लोक भवन की ओर बढ़ रहे हैं। आगे आरोप लगाया गया कि प्रदर्शनकारियों को बार-बार बैरिकेड पार न करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी।

लोक भवन के मुख्य द्वार को खोलने की कोशिश की

शिकायत के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड पार किए, दुष्यंत कुमार के खिलाफ नारे लगाए और लोक भवन के मुख्य द्वार को जबरन खोलने की भी कोशिश की।

आरोपियों पर बीएनएस 2023 की धारा 132 और 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है। धारा 132 लोक सेवक को उसके आधिकारिक कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए मारपीट या आपराधिक बल से जुड़ा है। जबकि धारा 223 लोक सेवक द्वारा विधिवत जारी किए गए आदेश की अवज्ञा से संबंधित है। इस मामले की जांच इंस्पेक्टर कैलाश चंद्र भट्टा को सौंपा गया है।

भाजपा सरकार की आलोचना की- कुमारी शैलजा

शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड की पार्टी प्रभारी कुमारी शैलजा ने दुष्यंत गौतम की नियुक्ति को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इससे अंकिता भंडारी मामले में न्याय के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठते हैं।

शैलजा ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही इस मुद्दे को उठा रही है और न्याय की मांग को लेकर अंकिता के परिवार के साथ खड़ी है। सीबीआई की चल रही जांच और मामले से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए दुष्यंत गौतम को संवैधानिक पद पर नियुक्त करने के फैसले पर सवाल उठाया, जबकि मामला अभी भी जांच के दायरे में हैं।

कांग्रेस कर रही गिद्ध वाली राजनीति- मंत्री

दूसरी ओर उत्तराखंड सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल ने भंडारी हत्याकांड पर कांग्रेस पर गिद्ध वाली राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी नेता इस त्रासदी का राजनीतिक लाभ उठाने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।

शुक्रवार को एक बयान में सुबोध उनियाल ने कहा कि हत्या की घटना सामने के आने के बाद राज्य सरकार ने तेजी से कार्रवाई की। इसमें 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी, एसआईटी टीम का गठन और गैंगस्टर एक्ट का क्रियान्वयन और अंतत: आरोपियों को दोषी ठहराया जाना शामिल है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने पीड़ित परिवार को वित्तीय सहायता और रोजगार प्रदान किया है। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता के परिवार से मुलाकात के बाद मामले में सीबीआई के जांच के आदेश दिए हैं।

कांग्रेस सांसद और जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के नेतृत्व ने उस मामले में पीड़ितों के प्रति वैसी चिंता नहीं दिखाई।

2022 में हुई थी हत्या

अंकिता भंडारी की हत्या 18 सितंबर 2022 को हुई थी और उसका शव पांच दिन बाद बरामद किया गया था। अंकिता भंडारी के परिजनों का आरोप है कि अंकिता की हत्या से जुड़ी परिस्थितियों में एक अज्ञात वीआईपी की संलिप्तता थी और उन्होंने दुष्यंत गौतम का नाम इसमें जोड़ा। हालांकि दुष्यंत गौतम ने मामले में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया और आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

यह भी पढ़ें: ‘अंकिता के मां-बाप की उम्मीद मत टूटने दें’, दुष्यंत गौतम को गवर्नर बनाए जाने पर राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित तौर पर वीआईपी के नाम को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम एक पत्र लिखा है। उन्होंने कहा, “19 वर्षीय अंकिता भंडारी ने एक वीआईपी के लिए अपनी गरिमा से समझौता नहीं किया, इसलिए उसकी हत्या कर गई।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें