पटना पुलिस ने ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ के संचालक फैजल खान के खिलाफ शुक्रवार को हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। फैजल खान सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हैं और उन्हें ‘खान सर’ के नाम से जाना जाता है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ के दो सुरक्षा गार्ड्स को गोली चलाने के आरोप में हिरासत में ले लिया था। इन सुरक्षा गार्ड्स ने पुलिस को बताया कि फैजल खान ने ही 2 जून को उनके कोचिंग संस्थान के बाहर हुई हिंसा के दौरान उन्हें गोली चलाने का आदेश दिया था।
सुरक्षा गार्ड्स के बयान के बाद ही पुलिस ने खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दोनों गार्ड गोली चलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। ये सुरक्षा गार्ड उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के प्रदीप कुमार (38) और कासगंज जिले के तालेबर सिंह (34) हैं।
खान सर से पूछताछ करेगी पुलिस
पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि करते हुए ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि खान ग्लोबल स्टडीज में तोड़फोड़ के मामले में दर्ज एफआईआर में खान सर का नाम शामिल किया गया है। शर्मा ने बताया कि चूंकि एफआईआर में खान सर का नाम है, इसलिए पुलिस उनसे पूछताछ करेगी।
इस मामले में पटना के कदमकुआं पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने 4 जून को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, ‘खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ के बाहर गोली चलने के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू की।
शिकायत में कहा गया है कि पुलिसकर्मी गुरुवार को कोचिंग इंस्टीट्यूट के पास पहुंचे और वायरल फुटेज के बारे में स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
शिकायत के मुताबिक, आस-पास के लोगों ने वीडियो में दिख रहे दो लोगों की पहचान केजीएस/खान सर के निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि दोनों व्यक्तियों को राइफलों से दो-दो राउंड फायरिंग करते देखा गया था।
पुलिस ने इसके बाद खान सर से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि की कि दोनों व्यक्ति उनके निजी सुरक्षा गार्ड थे और बताया कि इस्तेमाल की गई राइफलें नोएडा स्थित एपीएस सुरक्षा एजेंसी के जरिये मिले लाइसेंसी हथियार थे।
इसके बाद गार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया। गार्ड्स ने जांच कर रहे पुलिस अफसरों को बताया कि 2 जून की रात को कोचिंग संस्थान के बाहर कुछ लोग इकट्ठा हुए थे। इन लोगों ने चुन चुन नाम के एक गार्ड पर हमला किया, गेट पर लगे बैनर फाड़ दिए, नारेबाजी की और हंगामा किया।
तुरंत भीड़ पर गोली चलाओ…
शिकायत के मुताबिक, गार्ड्स ने जांच कर रहे पुलिस अफसरों को बताया, “भीड़ को देखकर खान सर उर्फ फैजल खान और उनके साथियों ने हम दोनों सुरक्षाकर्मियों से कहा – ‘क्या देख रहे हो, तुरंत भीड़ पर गोली चलाओ, जो भी होगा मैं संभाल लूंगा’।” शिकायत में आगे कहा गया है कि इसके बाद सुरक्षा गार्ड्स ने दो-दो राउंड गोलियां चलाईं।
खान सर ने क्या दावा किया था?
खान सर ने दावा किया था कि पटना के मुसल्लाहपुर इलाके में स्थित उनके कोचिंग इंस्टीट्यूट के बाहर आठ से दस राउंड गोलियां चलाई गईं थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि 15-20 लोगों ने संस्थान में तोड़फोड़ की और पथराव भी किया था।
खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी से जुड़े लोगों ने यह फायरिंग की थी। हालांकि बाद में उन्होंने कहा था कि फायरिंग हुई थी या नहीं, इसका पता केवल पुलिस जांच से ही चल सकता है।
पुलिस ने इस मामले में ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। रोशन आनंद की ओर से दावा किया गया था कि खान सर ने स्वयं इस घटना की साजिश रची थी।
NEET पेपर लीक पर भड़के खान सर
मशहूर टीचर खान सर ने एग्जाम पेपर लीक होने की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
