मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र में भाजपा विधायक के बेटे ने थार से टक्कर मारकर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों और पैदल चल रही दो महिलाओं को घायल कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक थार पर ‘विधायक’ लिखा था और वाहन कथित तौर पर दिनेश लोधी चला रहा था, जो पिछोर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम लोधी का बेटा है।
करेरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संजय परिहार, आशीष परिहार और अंशुल परिहार नाम के तीन युवक मोटरसाइकिल से धनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे तभी पीछे से आई थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद वाहन ने पैदल चल रही सीता वर्मा और पूजा सोनी को भी टक्कर मार दी।
थार पर ‘विधायक’ लिखा था
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में संजय परिहार के हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं जबकि दोनों महिलाओं को कमर, कंधे और सिर में चोट लगी है। छावई ने कहा कि घायलों के बयान और प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि थार पर ‘विधायक’ लिखा था और वाहन दिनेश लोधी चला रहा था। अधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विधायक प्रीतम लोधी ने पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की
इस बीच, सोशल मीडिया पर विधायक प्रीतम लोधी ने अपने पुत्र का बचाव न करते हुए पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि विधायक के लिए पुत्र या परिवार बड़ा नहीं होता, जनता सर्वोपरि है और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए। इस बीच, कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने आरोपी का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ”मध्यप्रदेश भाजपा विधायक (पिछोर) के पुत्र का घमंड अहंकार देखिए। पांच लोगों पर अपनी थार गाड़ी चढ़ा दी और अकड़ देखिए।” बरोलिया ने इस मामले में सरकार और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मध्य प्रदेश चुनावों में प्रीतम लोधी के पिछोर विधानसभा सीट जीतने के कुछ ही घंटों बाद, 2023 में दिनेश लोधी पर ग्वालियर में आपराधिक धमकी का मामला दर्ज किया गया। फिर जनवरी 2024 में कार से एक दोपहिया वाहन को टक्कर मारने के बाद उन्हें हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, PM मोदी ने किया मुआवजे का एलान
आंध्र प्रदेश के कुर्नूल जिले में एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना मंत्रालयम मंडल के चिलकलाडोना के पास उस समय हुई, जब एक वाहन की टक्कर एक लॉरी से हो गई। इस दुर्घटना में करीब 10 से 12 लोग घायल भी हुए हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(भाषा के इनपुट के साथ)
