गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार तड़के 23वीं मंजिल से गिरने की वजह से बाप-बेटे की मौत हो गई। नोएडा पुलिस ने बताया कि मरने वालों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 साल के बेटे के रूप में हुई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह करीब 4.20 बजे इस हादसे की जानकारी मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर नंबर 23 पर पहुंची। उन्होंने बताया कि रणदीप पात्रा और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि रणदीप पात्रा की पत्नी ने पूछताछ में बताया कि उन्हें शुक्रवार सुबह एक प्रॉपर्टी के रजिस्ट्रेशन के लिए खाटूश्याम जाना था। उनके पति और बेटे बालकनी में फूल तोड़ने गए थे, इसी दौरान वे फिसल गए। डीसीपी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इससे पहले 23 अक्टूबर को इसी सोसायटी में एक इमारत की 21वीं से एक 13 साल की लड़की गिर गई थी। तब पुलिस ने बताया था कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लड़की को उसके माता-पिता ने डांट लगाई थी।
